Home » झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण: प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम जोड़ना अनिवार्य – मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
झारखंड में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण: हर पात्र नागरिक का नाम जोड़ना प्राथमिकता, ELC चलाएंगे विशेष जागरूकता अभियान
रांची:राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्वाचन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO), झारखंड, श्री के. रवि कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
5,535 के लक्ष्य के विरुद्ध 4,461 ELC सक्रिय
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्यभर में 5,535 ELC गठित करने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 4,461 ELC का गठन किया जा चुका है और वे पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने सभी जिला उप निर्वाचन पदाधिकारियों और ELC समन्वयकों को आपसी समन्वय स्थापित कर विद्यालयों में विशेष मतदाता जागरूकता गतिविधियां चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
ECINET ऐप और ऑनलाइन पंजीकरण पर जोर
श्री के. रवि कुमार ने ECINET ऐप के माध्यम से पात्र युवाओं को फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर ऑनलाइन पंजीकरण करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ELC के पदाधिकारी नागरिकों को ऑनलाइन प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ फॉर्म भरने में भी पूरा मार्गदर्शन प्रदान करें। साथ ही, फेक न्यूज और भ्रामक जानकारियों से बचने के लिए तथ्यपरक सूचनाओं का प्रसार सोशल मीडिया पर करने की बात कही गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले ELC होंगे सम्मानित
मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले इलेक्टरेटल लिटरेसी क्लबों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष घोषणा की गई है:
जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ELC को राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ELC को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ELC का नामांकन राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए भेजा जाएगा।
इस उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सहित विभिन्न जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, ELC कोऑर्डिनेटर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।