Home » जनजातीय समाज, संस्कृति और विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए भाजपा प्रदेश कमिटी ने पारित किया प्रस्ताव !
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान झारखंड के जनजातीय समाज, संस्कृति एवं विरासत के सम्मान, संरक्षण और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को रेखांकित करते हुए एक राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों, कल्याण और विकास के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
जनजातीय समाज के उत्थान के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जनजातीय समाज के सम्मान, उसकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और विकास से जुड़े विषयों पर आधारित इस प्रस्ताव को सदन के पटल पर रखा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा विधायक पूर्णिमा साहू ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
श्री साहू ने कहा कि देश के गरीबों, वंचितों और जनजातीय समाज की पीड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस संवेदनशीलता के साथ समझा है, वह उनके जनसेवा के संकल्प को दर्शाता है। आजादी के बाद लंबे समय तक जनजातीय समाज बुनियादी सुविधाओं और विकास के पर्याप्त अवसरों से वंचित रहा, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में इस समाज के सम्मान, अधिकार और विकास को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
झारखंड के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा: गजेंद्र सिंह पटेल
भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। झारखंड केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य नहीं, बल्कि यह जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, संघर्ष और बलिदान की ऐतिहासिक भूमि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व सम्मान मिला है। ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की शुरुआत और रांची में स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय की स्थापना इस दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।
सेवा, सुशासन और संकल्प के 25 वर्ष, ‘मोदी है तो मुमकिन है’: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा अमन-चैन का वातावरण मजबूत हुआ है। देवघर एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मान मिलने से यह स्पष्ट है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’।
प्रस्ताव के मुख्य बिंदु:
सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण: जनजातीय समाज की भाषा, लोककला, लोकगीत, पारंपरिक रीति-रिवाजों और प्रकृति के साथ जुड़ी जीवनशैली का संरक्षण।
कल्याणकारी योजनाएं: पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन।
युवाओं और महिलाओं का सशक्तिकरण: जनजातीय युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया।