Home » लातेहार: गायब बेटे की शिकायत लेकर पहुंचे पिता को मनिका थाना पुलिस ने पीटा, बीजेपी दफ्तर पहुंचा पीड़ित परिवार
लातेहार में खाकी पर लगा दाग: लापता बेटे को ढूंढने की गुहार लेकर पहुंचे पिता को मनिका थाना पुलिस ने पीटा, बीजेपी दफ्तर पहुंचा परिवार
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मनिका थाना क्षेत्र के बंधुआ निवासी कृष्णा प्रसाद ने मनिका थाना प्रभारी और एएसआई (ASI) अविनाश कुमार पर बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित कृष्णा प्रसाद ने मीडिया और जनमानस के सामने अपने शरीर पर पड़े चोट के निशान दिखाते हुए पुलिस की बर्बरता की दास्तान बयां की।
15 अगस्त से लापता है 16 वर्षीय छोटू
पीड़ित कृष्णा प्रसाद के अनुसार, उनका 16 वर्षीय बेटा छोटू बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पीड़ित परिवार ने बच्चे के गायब होने में अपने ही कुछ नजदीकी रिश्तेदारों पर संदेह जताया है और इसी आशंका के आधार पर वे कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे।
न्याय के बदले मिली प्रताड़ना
लापता बेटे की खोजबीन और न्याय की उम्मीद में जब पिता कृष्णा प्रसाद मनिका थाना पहुंचे, तो वहां मदद मिलने के बजाय उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि मनिका थाना प्रभारी और एएसआई अविनाश कुमार ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ जमकर मारपीट की।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
स्थानीय स्तर पर थका-हारा और प्रताड़ित पीड़ित परिवार आखिरकार न्याय की आस में रांची स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचा। परिवार यहां प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात करने आया था। बाबूलाल मरांडी की अनुपस्थिति में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने पीड़ित परिवार की आपबीती सुनी।
पीड़ित के शरीर पर चोट के गंभीर निशान देखने के बाद बीजेपी प्रवक्ता अभय सिंह ने तत्काल मनिका थाना प्रभारी से फोन पर बात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अभय सिंह ने पुलिस प्रशासन को इस मामले की निष्पक्ष जांच करने और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की सख्त हिदायत दी है (कृष्णा प्रसाद, पीड़ित): “हमारा 16 साल का बेटा छोटू 15 अगस्त को स्कूल झंडा फहराने गया था, तब से गायब है। हमको कुछ रिश्तेदारों पर शक था, तो हम थाना गए थे। लेकिन मनिका थाना प्रभारी और एएसआई अविनाश कुमार ने हमारी मदद करने के बजाय हमको बहुत मारा-पीटा… देखिए शरीर पर चोट का निशान…अभय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी): “यह बेहद दुखद और शर्मनाक है कि एक पिता अपने गायब बच्चे की शिकायत लेकर थाने जाता है और पुलिस उस पर लाठियां बरसाती है। हमने थाना प्रभारी से बात की है और स्पष्ट कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, बच्चे को जल्द खोजा जाए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो। बीजेपी इस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।”