Home » जमशेदपुर: छात्रों पर झूठे मुकदमे और झारखंड सरकार की नीतियों के खिलाफ BJP का महाप्रदर्शन, CBI जांच की मांग
छात्रों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस ले सरकार, JSSC-JPSC धांधली की हो CBI जांच: BJP का जमशेदपुर में महाप्रदर्शन
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में झारखंड सरकार की छात्र विरोधी नीतियों और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में एक विशाल महाप्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में निकाला गया यह विरोध प्रदर्शन पार्टी कार्यालय से शुरू होकर जिला उपायुक्त कार्यालय (DC Office) तक पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में तब्दील हो गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर छात्रों पर दर्ज मुकदमे तुरंत वापस लेने की मांग की।
शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने की कूटनीति कर रही सरकार: अभय सिंह
सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब से यह सरकार बनी है, तब से छात्र, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र देशभक्ति गीतों और शांतिपूर्ण मोमबत्ती जुलूस के जरिए अपनी आवाज उठा रहे थे। लेकिन सरकार ने कूटनीति के तहत उनका आंदोलन स्थगित कराकर उल्टा उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए।”
प्रदेश प्रवक्ता ने सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या छात्रों ने कोई हिंसा, पत्थरबाजी या अभद्रता की थी? उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों के भविष्य के खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक न्याय नहीं मिल जाता।
वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस महाप्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित जमशेदपुर के सभी मंडलों से आए हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो आने वाले समय में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।