Home » झारखंड: फर्जी कागजात से वोटर आईडी बनाने की कोशिश में 5 पर FIR, 4 दिवसीय दौरे पर संथाल पहुंचे CEO के. रवि कुमार
संथाल परगना में फर्जी कागजात से वोटर बनने की साजिश का पर्दाफाश, 5 लोगों पर FIR दर्ज; CEO के. रवि कुमार ने घर-घर जाकर की जांच
साहेबगंज/बरहरवा: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) श्री के. रवि कुमार संथाल परगना क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में आ रही शिकायतों की जमीनी जांच के लिए चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। दौरे के पहले ही दिन शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। मामले में चार अपात्र व्यक्तियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों के साथ खुद घर-घर पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहेबगंज पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बरहरवा प्रखंड के आहुत ग्राम में चिह्नित संदिग्ध व्यक्तियों के आवास पर स्वयं जाकर जांच की। उन्होंने आवेदकों के निवास, कागजात और मतदाता सूची पंजीकरण से संबंधित सभी दस्तावेजों का गहन निरीक्षण किया और संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
CSC संचालक मोहम्मद सलीम ने बनाए थे फर्जी दस्तावेज
जांच के दौरान आहुत गांव के चार व्यक्तियों—रूबेदा बेवा, रबी शेख, पिंटू शेख और सेन्टु शेख—द्वारा प्रस्तुत किए गए आवासीय प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। यह फर्जी दस्तावेज उन्हें स्थानीय कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक मोहम्मद सलीम द्वारा तैयार करके उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद निर्वाचन विभाग की ओर से चारों अपात्र आवेदकों और CSC संचालक मोहम्मद सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
“मतदाता सूची की शुद्धता से कोई समझौता नहीं”
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि फर्जी कागजात के आधार पर वोटर बनने या बनाने में मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया, “विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से न छूटे और किसी भी अपात्र या विदेशी नागरिक का नाम सूची में दर्ज न हो। निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए हर गंभीर शिकायत की निष्पक्ष जांच होगी।”
संथाल परगना के 4 जिलों का दौरा करेंगे CEO
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अपने इस 4 दिवसीय दौरे के दौरान साहेबगंज के अलावा गोड्डा, दुमका और देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। वे मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी शिकायतों की स्थल जांच (Field Verification) करेंगे और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त कदम उठाने के निर्देश देंगे।