Home » घरेलू गैस सिलेंडर फिर महंगा, कांग्रेस का आरोप— जनता की रसोई पर डाला डाका
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में एक बार फिर ₹29 प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम सिलेंडर पर ₹10.50 की वृद्धि को आम जनता के साथ क्रूर मज़ाक बताया है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से पहले ही त्रस्त जनता पर मोदी सरकार ने एक और आर्थिक हमला कर दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण आम परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह चरमरा चुका है, लेकिन केंद्र सरकार को जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं रह गया है।
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में जिस घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹410 थी, आज वही सिलेंडर ₹1000 से अधिक में मिल रहा है। पिछले दस वर्षों में गैस सिलेंडर की कीमतों में कई बार वृद्धि की गई है और अब फिर ₹29 की नई बढ़ोतरी कर दी गई है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि देश की करोड़ों गृहिणियों की रसोई पर सबसे बड़ा संकट भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण खड़ा हुआ है। ऋषीकेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार उज्ज्वला योजना का प्रचार तो करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि बढ़ती कीमतों के कारण लाखों गरीब परिवार गैस सिलेंडर रिफिल कराने में असमर्थ हैं। गांवों और गरीब तबकों में बड़ी संख्या में लोग मजबूरी में फिर से लकड़ी, कोयला और उपलों का उपयोग करने लगे हैं। सरकार केवल कनेक्शन देने का श्रेय ले रही है, जबकि सिलेंडर भरवाने की क्षमता जनता से छीन ली गई है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता महंगाई पर नियंत्रण नहीं बल्कि जनता की जेब से अधिक से अधिक पैसा निकालना बन गई है। देश में बेरोजगारी, महंगाई और घटती क्रयशक्ति के बीच आम नागरिक दोहरा बोझ झेल रहा है। एक ओर आय नहीं बढ़ रही है, दूसरी ओर जीवन की हर आवश्यक वस्तु लगातार महंगी होती जा रही है। भाजपा सरकार के दस वर्षों में महंगाई ने हर घर की रसोई और हर परिवार की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी केंद्र सरकार से मांग करती है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई ताजा वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए तथा आम जनता को राहत देने के लिए रसोई गैस पर सब्सिडी बढ़ाई जाए। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इस जनविरोधी महंगाई के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। देश की जनता अब यह पूछ रही है कि आखिर भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल क्यों है और आम आदमी कब तक इस आर्थिक मार को झेलता रहेगा।