Home » जामताड़ा को ऐतिहासिक सौगात: मेडिकल कॉलेज और 420 बेड के अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे शिलान्यास !
ऐतिहासिक सौगात: जामताड़ा में खुलेगा नया मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयासों से मिली बड़ी सफलता !
रांची : झारखंड के जामताड़ा जिले के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के विशेष प्रयासों और दूरदर्शी सोच के चलते जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया अब धरातल पर उतरने लगी है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत इस महत्वपूर्ण मेडिकल कॉलेज परियोजना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी कर दिया गया है। जल्द ही राज्य के मुख्यमंत्री आदरणीय श्री हेमंत सोरेन इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
100 एमबीबीएस सीटें और 420 बेड का होगा आधुनिक अस्पताल
प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज में छात्रों के लिए 100 एमबीबीएस सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा, जामताड़ा सदर अस्पताल की वर्तमान क्षमता को 100 बेड से बढ़ाकर 420 बेड करने का बड़ा प्रावधान किया गया है। इस परियोजना के मूर्त रूप लेने से जामताड़ा और उसके आस-पास के जिलों के लोगों को उच्चस्तरीय और आधुनिक चिकित्सीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। साथ ही, क्षेत्र के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
इन संस्थाओं के चयन के साथ जारी हुआ LOI
इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत मणिमहेश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई केयर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च तथा डॉ. बिधान चंद्र रॉय हॉस्पिटल से जुड़ी प्रक्रिया के तहत LOI जारी किया गया है। प्राप्त विवरण के अनुसार यह महत्वपूर्ण बोली 1 रुपये पर प्राप्त हुई है।
झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव
सरकार पीपीपी मोड के तहत न केवल जामताड़ा, बल्कि रांची, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद जैसे जिलों में भी नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में तेजी से काम कर रही है। यह पहल झारखंड की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के संकल्प को पुख्ता करती है।
“यह जामताड़ा की धड़कन है” — डॉ. इरफान अंसारी
इस ऐतिहासिक अवसर पर भावुक नजर आए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,
“जामताड़ा मेडिकल कॉलेज सिर्फ एक संस्थान नहीं है, बल्कि यहाँ के लाखों लोगों के सपनों, गरीबों की उम्मीदों और उनकी दुआओं का परिणाम है। यह जामताड़ा की धड़कन है, यहाँ की जनता के विश्वास का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जामताड़ा की पहचान अब केवल पुरानी या सीमित छवि तक नहीं रहेगी, बल्कि यह मेडिकल कॉलेज और बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं के बलबूते विकास, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक नई पहचान स्थापित करेगा।
समारोह में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव श्रीमती नेहा अरोड़ा, स्कूटी डायरेक्टर श्री शशि प्रकाश सिंह, श्री बाघमारी प्रसाद कृष्णा, रिम्स के डायरेक्टर डॉ. वी.के. सिंह एवं सुपरिटेंडेंट श्री हरेंद्र बेरवा समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इन सभी के सामूहिक और सकारात्मक प्रयासों से जामताड़ा में स्वास्थ्य क्रांति का यह सपना अब सच होने की ओर बढ़ चला है।