Home » हेमंत सोरेन सरकार के 7 साल पूरे: भाजपा ने जारी की ‘जनता की चार्जशीट’, कानून-व्यवस्था और वादों पर घेरा !
हेमंत सोरेन सरकार के सात वर्ष पूरे: भाजपा ने जारी की ‘जनता की चार्जशीट’, कानून-व्यवस्था और चुनावी वादों पर घेरा !
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल के विरुद्ध ‘जनता का चार्जशीट’ जारी किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस चार्जशीट पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका में हेमंत सोरेन सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल को मिलाकर सात वर्ष पूरे होने पर विभिन्न मुद्दों को शामिल किया गया है।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल
चार्जशीट जारी करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि किसी भी सरकार से जनता की पहली अपेक्षा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की होती है, लेकिन राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे कार्यकाल के दो वर्षों में स्थिति और बिगड़ी है तथा हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
श्री साहू ने कहा कि थाना परिसर, विधायक आवास, जेल और पत्रकार भी सुरक्षित नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले, गम्हरिया थाना परिसर में कथित दुष्कर्म की घटना, गोड्डा के एक मामले, होटवार जेल में कथित सामूहिक यौन उत्पीड़न और पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी व पुलिसिया कार्रवाई के मामलों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा।
आदिवासी समाज, जमीन और खनिज संपदा का मुद्दा
आदिवासी-मूलवासी समाज की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर श्री साहू ने निशा भगत आत्महत्या मामले तथा संध्या टोपनो, सूर्या हांसदा, पहड़ा राजा सोमा मुंडा, रूपा तिर्की और रामेश्वर मुर्मू की हत्या के मामलों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के दावों के बावजूद जमीन पर कब्जे की घटनाएं हो रही हैं और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोप लग रहे हैं।
भ्रष्टाचार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अंचल से लेकर सचिवालय तक आम लोगों को कामकाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। साथ ही बालू, कोयला, पत्थर और आयरन ओर जैसी खनिज संपदाओं के अवैध खनन व माफिया सक्रियता को लेकर भी सरकार को घेरा।
युवाओं, विकास कार्यों और चुनावी वादों का हिसाब
युवाओं और छात्रों के मुद्दे पर आदित्य साहू ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं, स्थानीय भाषा से जुड़ी परीक्षाओं और छात्रों पर कथित कार्रवाई को लेकर युवाओं में नाराजगी है। उन्होंने राज्य में विकास कार्यों के धीमे होने, संवेदकों व मजदूरों के बकाया भुगतान, पेंशन और छात्रवृत्ति में देरी, पलायन तथा विस्थापन जैसे विषयों पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा SIR और MMDR से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार के रुख की आलोचना की।
श्री साहू ने मुख्यमंत्री से चुनावी वादों का हिसाब मांगते हुए कहा कि रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, 450 रुपये में गैस सिलेंडर, धान के लिए 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी तथा हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और हर जिले में मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने जैसे वादों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख नेता
इस चार्जशीट विमोचन कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा और राकेश प्रसाद, रांची के विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी व मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।