Home » झारखण्ड: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने रांची के ERO/AERO संग की SIR समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
झारखण्ड: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने रांची के ERO और AERO संग की SIR प्रक्रिया की समीक्षा, दिए निर्देश !
रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन को पारदर्शी एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करने के लिए बुधवार को समीक्षा-सह-शंका निवारण सत्र का आयोजन किया गया। निर्वाचन सदन सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता झारखण्ड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने की।
इस बैठक में रांची जिले के हटिया, कांके, रांची, मांडर, खिजरी, तमाड़ और सिल्ली विधानसभा क्षेत्रों के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) ने भाग लिया।
सुनवाई के दौरान टोकन सिस्टम और प्राथमिकता देने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने समीक्षा के दौरान कहा कि सुनवाई प्रक्रिया के दौरान आम मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए टोकन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि:
वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिला मतदाताओं को सुनवाई में प्राथमिकता दी जाए।
विशेष रूप से जनजातीय समूह के मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच में संवेदनशीलता बरती जाए।
जनजातीय मतदाताओं के सहयोग के लिए सरकारी कार्यालयों में पहले से उपलब्ध अभिलेखों का उपयोग किया जाए।
कम फॉर्म वाले मतदान केंद्रों पर युवाओं पर विशेष ध्यान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा जहाँ शून्य (0) या केवल 1 से 5 की संख्या में फॉर्म 6 प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र के युवा और पात्र भारतीय नागरिकों को जागरूक करें ताकि उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
‘कोई पात्र नागरिक छूटे नहीं, कोई अपात्र जुड़े नहीं’
के. रवि कुमार ने SIR के मुख्य उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कहा, “विशेष गहन पुनरीक्षण का मूल ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और साथ ही कोई भी अपात्र या विदेशी नागरिक इसमें न जुड़ पाए।” उन्होंने सभी दावा-आपत्तियों का निष्पक्ष और नियमानुसार परीक्षण करने पर बल दिया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (रांची) श्री मंजूनाथ भजंत्री, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के ERO और AERO उपस्थित थे।