Home » मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन: झारखंड में दो दिनों का राजकीय शोक, सोमवार को बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर
झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, राज्य में दो दिनों का राजकीय शोक; सोमवार को सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
रांची: झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास, उच्च व तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार (6 सितंबर) की सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। उनके अचानक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्य सरकार ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए दो दिवसीय राजकीय शोक की आधिकारिक घोषणा की है।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, 6 और 7 सितंबर को संपूर्ण राज्य में राजकीय शोक मनाया जाएगा।
दो दिनों तक आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
राजकीय शोक की अवधि के दौरान झारखंड के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है। इसके अलावा, इस दौरान किसी भी प्रकार के सरकारी एवं राजकीय समारोहों का आयोजन नहीं किया जाएगा।
7 सितंबर को बंद रहेंगे सभी सरकारी कार्यालय
दिवंगत मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि सोमवार, 7 सितंबर को राज्य भर के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इस निर्णय के संबंध में विशेष कार्य पदाधिकारी अखलेश कुमार सिन्हा के हस्ताक्षर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह दिशा-निर्देश सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भेज दिए गए हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को कार्यालय बंद रखने के संबंध में औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया गया है।