Home » रांची पुलिस का बड़ा खुलासा, हाई कोर्ट अधिवक्ता पर फायरिंग का मुख्य शूटर गिरफ्तार
रांची: रांची पुलिस ने वर्ष 2024 में रातु थाना क्षेत्र में झारखंड हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता पर हुई फायरिंग मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य शूटर और घटना की साजिश रचने वाले अधिवक्ता के चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2024 को झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता बब्बन प्रसाद पर बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद रातु थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य शूटर गुलशन कुमार विश्वकर्मा और साजिशकर्ता अनुज कुमार महतो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जांच में खुलासा हुआ कि पैतृक जमीन विवाद को लेकर अधिवक्ता के चचेरे भाई अनुज कुमार महतो ने हत्या की साजिश रची थी और शूटर को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाने की कोशिश की थी।पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मोटरसाइकिल पहले ही दिसंबर 2024 में चैनपुर थाना क्षेत्र में एक अन्य आपराधिक मामले के दौरान जब्त की जा चुकी थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।