Home » बाबूलाल के दावों पर कांग्रेस का पलटवार: 12 साल विकास नहीं, विनाश का काल
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर दिए गए बयान को पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और जनता को गुमराह करने वाला बताया है। सिन्हा ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा पिछले 12 वर्षों को उपलब्धियों का स्वर्णिम काल बताना देश की वास्तविक परिस्थितियों से आंखें मूंद लेने जैसा है। यदि यह कालखंड इतना ही ऐतिहासिक रहा होता तो आज देश का युवा रोजगार के लिए दर-दर नहीं भटक रहा होता, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर नहीं होते और महंगाई ने आम परिवारों की कमर नहीं तोड़ी होती।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” का नारा तो दिया, लेकिन वास्तविकता यह है कि विकास का लाभ कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों तक सीमित रहा जबकि आम जनता बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असुरक्षा से जूझती रही। देश में बेरोजगारी दर पिछले कई दशकों में सबसे गंभीर चुनौती बनकर उभरी है। करोड़ों युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं।सिन्हा ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर गरीबों की चिंता नहीं करने का आरोप लगाती है, जबकि सच्चाई यह है कि मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा कानून, शिक्षा का अधिकार, किसान ऋण माफी, आधारभूत ढांचे का विस्तार और देश को आर्थिक मजबूती प्रदान करने वाली अनेक ऐतिहासिक योजनाएं कांग्रेस सरकारों की देन हैं। कांग्रेस ने देश को लोकतांत्रिक संस्थाएं, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योग, आईआईटी, आईआईएम, एम्स और वैज्ञानिक विकास की मजबूत नींव दी, जिस पर आज का भारत खड़ा है।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर लगातार हमले हुए हैं। संसद की गरिमा कमजोर हुई है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बढ़ा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। भाजपा हर असहमति को देशविरोध साबित करने में लगी हुई है।
सिन्हा ने कहा कि भाजपा को पहले यह जवाब देना चाहिए कि किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें लगातार क्यों बढ़ीं, युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला और देश की संपत्तियां निजी हाथों में क्यों सौंपी जा रही हैं। केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट से देश नहीं चलता, जनता वास्तविक परिस्थितियों को भलीभांति समझती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानती है कि देश की प्रगति का श्रेय किसी एक व्यक्ति या एक दल को नहीं बल्कि देश के करोड़ों मेहनतकश नागरिकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान को जाता है। भाजपा का अहंकार और आत्मप्रशंसा का अभियान देश की वास्तविक समस्याओं को नहीं छिपा सकता।कांग्रेस जनता के मुद्दों—रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा—को मजबूती से उठाती रहेगी तथा भाजपा सरकार को उसके वादों और विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाती रहेगी।