Home » साहिबगंज: CEO के. रवि कुमार ने बेलपहाड़ी में पहाड़िया समुदाय से की मुलाकात, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का दिया निर्देश
साहिबगंज/बरहरवा: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) श्री के. रवि कुमार ने साहिबगंज जिले के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव बेलपहाड़ी का दौरा किया। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने विशेष रूप से पहाड़िया जनजातीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और मतदाता सूची में दावा-आपत्ति एवं सुनवाई प्रक्रिया के दौरान आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का जायजा लिया।
दूर-दराज के पात्र नागरिक न रहें वंचित
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गम एवं सुदूर इलाकों में रहने वाले जनजातीय समुदाय के किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दूरी और सीमित साधनों के कारण इन क्षेत्रों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी होती है, इसलिए निर्वाचन अधिकारियों को संवेदनशील होकर स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करना होगा।
प्रखंड कार्यालय के अभिलेखों से होगा दस्तावेजों का मिलान
श्री के. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजातीय समुदाय के जिन नागरिकों के पास दस्तावेजों की कमी है, उनके प्रशासनिक रिकॉर्ड और ब्लॉक ऑफिस में मौजूद कागजातों का मिलान किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर पर होने वाली सुनवाई में पात्र नागरिकों को नियमानुसार पूरा सहयोग मिले। सरकारी अभिलेखों का सत्यापन कर प्रक्रिया को आसान बनाया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
स्थानीय स्तर पर दी जाएगी जानकारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुदूर बस्तियों में दावा-आपत्ति, दस्तावेज सत्यापन और ERO सुनवाई से जुड़ी जानकारियों का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को हर पात्र नागरिक के लिए सुलभ, सरल और पारदर्शी बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।