सीएम हेमंत सोरेन ने रिसालदार बाबा की मजार पर की चादरपोशी, राज्य की खुशहाली और सामाजिक सौहार्द की मांगी दुआ !
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित 219वें उर्स में शिरकत की। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुसार मजार पर श्रद्धा की चादरपोशी की और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति, प्रगति तथा खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

प्रेम, इंसानियत और भाईचारे की मिसाल
चादरपोशी के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का मजबूत संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पवित्र परंपराएं सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत बनाती हैं।
राज्यवासियों के सुख-शांति की कामना
उर्स के इस मुबारक मौके पर मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंडवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आने की कामना की। उन्होंने दुआ मांगी कि राज्य में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उर्स में भाग लेने आए सभी अकीदतमंदों (श्रद्धालुओं) और प्रदेशवासियों को उर्स की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी। इस दौरान मजार परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














