मेदिनीनगर :सदर प्रखंड के लहलहे (नावाटोली) में रविवार शाम लगभग 3 बजे किसानों के खलिहान में अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। राम दयाल बैठा के खलिहान में रखे धान की गांज तथा पुआल देखते ही देखते धू-धू कर जलकर खाक हो गए।
ग्रामीणों ने घंटों तक अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियाँ पहुंचने तक खलिहान में रखा अधिकांश अनाज और पुआल पूरी तरह जल चुका था।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के मुताबिक आग से लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये की क्षति हुई है। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को आगे फैलने से रोकते हुए पास के अन्य खलिहानों में रखे किसानों के धान की गांज को जलने से बचा लिया।














