Home » भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड सरकार पर साधा तीखा निशाना !
रांची: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली अपने दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान आज रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में आदिवासी, महिलाएं और अल्पसंख्यक समाज खुद को असुरक्षित और ठगा महसूस कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार से जनता का पूरी तरह मोहभंग हो चुका है और आने वाले समय में जनता इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
भ्रष्टाचार और लूट बनी सरकार की पहचान
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुंवर बासित अली ने कहा कि हेमंत सरकार ने अपने अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता की गाढ़ी कमाई लूटने की खुली छूट दे रखी है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा झारखंड के विकास के लिए लगातार धन और योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन राज्य सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, ग्रामीण सड़क योजना और ‘हर घर नल से जल’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन से होने वाली उगाही के पैसों का इस्तेमाल जनता के विकास में करने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों में किया जा रहा है।
बिगड़ती कानून-व्यवस्था और गंभीर आरोप
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में आज आम नागरिक सुरक्षित नहीं है। आए दिन हत्या, दुष्कर्म और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
गम्हरिया की घटना: उन्होंने गम्हरिया का जिक्र करते हुए कहा कि न्याय की उम्मीद लेकर थाना पहुंची एक पीड़ित महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा ही दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है, जो यह साबित करता है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो जनता न्याय की उम्मीद किससे करे।
गोड्डा की घटना: गोड्डा में मिशन से जुड़े एक फादर पर नौकरी का झांसा देकर महिला के लंबे समय तक यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोपों का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
“न दूरी है, न खाई है, मोदी हमारा भाई है”
इंडी गठबंधन (I.N.D.I.A. Alliance) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान बड़े-बड़े सपने दिखाकर आदिवासियों और अल्पसंख्यकों का वोट हासिल किया गया, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों को भूल गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अब झारखंड का अल्पसंख्यक समाज सच्चाई समझ चुका है। समाज को यह अहसास हो गया है कि सुरक्षा, सम्मान और ‘सबका साथ-सबका विकास’ की गारंटी केवल भाजपा सरकार ही दे सकती है। आज झारखंड के अल्पसंख्यक समाज के बीच एक नया संदेश गूंज रहा है— “न दूरी है, न खाई है, मोदी हमारा भाई है।”
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि यदि आज झारखंड में चुनाव हो जाएं, तो आदिवासी, अल्पसंख्यक और आम जनता एकजुट होकर हेमंत सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी और राज्य में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी तारिक इमरान और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम भी उपस्थित रहे।