Home » निशा भगत मर्डर केस: सीबीआई जांच की मांग को लेकर बीजेपी एसटी मोर्चा का आर-पार का ऐलान, 18 नवंबर को प्रमंडल बंद !
निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेगा भाजपा एसटी मोर्चा: सन्नी टोप्पो
रांची: दिवंगत युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एसटी मोर्चा आदिवासी समाज के साथ मिलकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। एसटी मोर्चा इस पूरे प्रकरण को आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा एक बेहद गंभीर विषय मानता है। यह बातें भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने एक प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा
सन्नी टोप्पो ने जानकारी दी कि निशा भगत मामले को लेकर एसटी मोर्चा ने एक कड़ा और चरणबद्ध आंदोलन तय किया है, जिसकी रूपरेखा इस प्रकार है:
10 नवंबर: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सातों संगठनात्मक जिलों (रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी) में एसटी मोर्चा द्वारा मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
11 नवंबर: आदिवासी महिलाओं और बहनों द्वारा कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
17 नवंबर: सभी संगठनात्मक मंडलों में एसटी मोर्चा की ओर से फिर से मशाल जुलूस का आयोजन होगा।
18 नवंबर: एसटी मोर्चा द्वारा संपूर्ण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी दोषी को संरक्षण देने का कुत्सित प्रयास बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा होने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होने तक एसटी मोर्चा का यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 7 नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में एक साथ प्रदर्शन और पुतला दहन कर इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जा चुकी है।
सरकार और प्रशासन पर उठाए गए सवाल
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि निशा भगत का मामला अत्यंत गंभीर प्रकृति का है और इसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है। आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की मुख्य जिम्मेदारी है। इस मामले में किसी भी तरह की लीपापोती या पक्षपात की आशंका को पूरी तरह खत्म करने के लिए सीबीआई जांच अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि एसटी मोर्चा समाज के न्याय की इस लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने की यह लड़ाई किसी एक परिवार या एक विशेष संगठन की नहीं है, बल्कि यह पूरे आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा अहम सवाल है। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति वर्तमान सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने राज्य की आदिवासी महिलाओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं से अपील की है कि वे इस जनआंदोलन में एकजुट होकर बढ़-चढ़कर भाग लें।
प्रेसवार्ता के अंत में भाजपा नेताओं ने समाज के तमाम प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं से इस आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने तथा 18 नवंबर के प्रमंडल बंद को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने की अपील की।
इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत समेत कई अन्य गणमान्य नेता भी उपस्थित रहे।