Home » भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर BJP का बड़ा ऐलान! उलिहातू से कोकर तक 73 KM पदयात्रा, 17-20 नवंबर तक जनजातीय गौरव सम्मेलन !
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती: उलिहातू से कोकर तक BJP की 73 KM पदयात्रा, 17 से 20 नवंबर तक होंगे जनजातीय गौरव सम्मेलन !
रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) झारखंड प्रदेश द्वारा राज्यभर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 13 से 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूँटी) से उनके समाधि स्थल कोकर (रांची) तक लगभग 73 किलोमीटर लंबी तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा, 17 से 20 नवंबर के बीच प्रदेश के विभिन्न प्रमंडलों में ‘जनजातीय गौरव सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
तीन दिवसीय पदयात्रा का विस्तृत शेड्यूल
13 नवंबर (पहला दिन): सुबह 10 बजे उलिहातू (अड़की मंडल) से पदयात्रा शुरू होगी। सायको मोड़ और झीलकिता मोड़ होते हुए यात्रा खूँटी पहुंचेगी। शाम 6 बजे खूँटी स्थित भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा।
14 नवंबर (दूसरा दिन): सुबह 10 बजे खूँटी से यात्रा पुनः प्रारंभ होगी। कालामाटी, तुपुदाना, हटिया, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए शाम 6 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय (जेल चौक, रांची) पहुंचेगी।
15 नवंबर (तीसरा दिन): सुबह 9 बजे जेल चौक से पदयात्रा शुरू होकर सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचेगी, जहाँ श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा का समापन होगा।
विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन का आयोजन
17 से 20 नवंबर के बीच राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता शामिल होंगे:
17 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल): सिसई रेडवा बगीचा एवं रायडीह (गुमला)। मुख्य वक्ता: समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव आदि।
18 नवंबर (संथाल परगना प्रमंडल): भोगनाडीह (साहेबगंज)। मुख्य वक्ता: बाबूलाल मरांडी एवं चंपई सोरेन।
18 नवंबर (कोल्हान प्रमंडल): चाईबासा। मुख्य वक्ता: अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, गीता कोड़ा आदि।
19 नवंबर (पलामू प्रमंडल): दूबियाखार, मेदिनीराय चौक। मुख्य वक्ता: कालीचरण सिंह, बी.डी. राम, भानू प्रताप शाही आदि।
19 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल): सिलागाई। मुख्य वक्ता: आदित्य साहू, रामकुमार पाहन, दीपक प्रकाश।
20 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल): चिंगरी, विशुनपुर (गुमला)। मुख्य वक्ता: समीर उरांव, सुदर्शन भगत आदि।
‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
समीर उरांव ने प्रेस वार्ता में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ का नेतृत्व किया था और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा की थी। उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास, सम्मान और महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया था। भाजपा ने सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस पदयात्रा और सम्मेलनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो भी उपस्थित थे।