Home » रांची में कांग्रेस की पहल: 11 नवंबर को ‘थिंक 29’ संगोष्ठी, मधु गौड़ यास्की और के. राजू करेंगे झारखंड विकास रोडमैप पर मंथन !
रांची: 11 नवंबर को ‘थिंक 29’ नीति संगोष्ठी का आयोजन, मधु गौड़ यास्की और के. राजू करेंगे झारखंड के भावी रोडमैप पर मंथन
रांची :झारखंड के पेशेवरों, युवाओं और अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 11 नवंबर को राजधानी रांची में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) के तत्वावधान में आयोजित इस ‘थिंक 29’ (Think 29) नीति संगोष्ठी में देश भर के प्रमुख अर्थशास्त्री, नीति निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (कांग्रेस भवन, रांची) में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।
2029 तक समावेशी विकास का तैयार होगा खाका
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मधु गौड़ यास्की और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी श्री के. राजू 11 नवंबर 2026 को झारखंड दौरे पर रहेंगे।
दोनों वरिष्ठ नेता ‘थिंक 29’ के तहत आयोजित व्याख्यान और संगोष्ठी में शामिल होकर झारखंड की प्राथमिकताओं पर मंथन करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी, व्यावहारिक और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है।
‘थिंक 29’ के मुख्य विचारणीय बिंदु:
संगोष्ठी के दौरान राज्य के सर्वांगीण विकास से जुड़े निम्नलिखित प्रमुख विषयों पर गहन चर्चा होगी:
स्थानीय संसाधनों का उपयोग: खनिज संपदा का राज्य के भीतर ही प्रसंस्करण और उपयोग।
रोजगार एवं उद्यमिता: युवाओं के लिए नए अवसर और MSME सेक्टर का विस्तार।
कृषि एवं ग्रामीण विकास: किसानों की आय वृद्धि और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक।
सामाजिक न्याय: आदिवासी अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण।
सुशासन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर: राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना का निर्माण।
शाम में महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम
केशव महतो कमलेश ने आगे जानकारी दी कि 11 नवंबर की शाम 04 बजे फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल्स एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के सौजन्य से महिला सशक्तिकरण पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मधु गौड़ यास्की और के. राजू मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।
हैदराबाद से रांची पहुंचेंगे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेताओं के विस्तृत यात्रा कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्की 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से बिरसा मुंडा हवाई अड्डे (रांची) पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद दोनों नेता 12 नवंबर को सुबह 08 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।
प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस का संकल्प
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि इस आयोजन का मूल मंत्र “प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस” है। ‘थिंक-2029 झारखंड’ के जरिए राज्य के बुद्धिजीवियों को एक मंच पर लाया जा रहा है ताकि एक ठोस इकोनॉमिक पॉलिसी तैयार की जा सके और राज्य सरकार को नीतिगत सुझाव दिए जा सकें।
उन्होंने बताया कि इस मंथन में दिल्ली और मुंबई से प्रमुख रिसर्चर्स, अर्थशास्त्री और पॉलिसी मेकर्स आ रहे हैं, जो यूथ एम्पावरमेंट और इंडस्ट्रियल ग्रोथ के लिए स्पष्ट योजना प्रस्तुत करेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
आज आयोजित इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह एवं गौरव आनंद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।