चैंबर चुनाव: ‘टीम तुलसी पटेल’ ने उतारे 32 उम्मीदवार, व्यापारिक समस्याओं के समाधान और निवेश को बढ़ावा देने का किया वादा !
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FJCCI) के आगामी चुनाव को लेकर व्यापारिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित एक भव्य प्रेस वार्ता के दौरान ‘टीम तुलसी पटेल’ ने अपने 32 प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी। इस मौके पर टीम ने चैंबर सदस्यों से समर्थन की अपील करते हुए राज्य के औद्योगिक और व्यापारिक विकास के लिए अपनी प्राथमिकताओं को सार्वजनिक किया

निवेश, सिंगल विंडो और सरल उद्योग नीति पर फोकस
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तुलसी पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में राज्य के व्यापारी और उद्यमी कई तरह की प्रशासनिक और व्यावहारिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य राज्यस्तरीय जटिलताओं के साथ-साथ नगर निगम से जुड़ी स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान कराना होगा।
तुलसी पटेल ने कहा, “झारखंड के औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है, जिस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राज्य में अधिक से अधिक निवेश आए, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को व्यावहारिक और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही उद्योग नीति को सरल बनाने और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार के स्तर पर ठोस पहल की जाएगी।”
पूर्व अध्यक्षों ने जताया भरोसा
टीम को पूर्व चैंबर अध्यक्षों का मजबूत समर्थन प्राप्त हुआ है:
मनोज नरेडी: उन्होंने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चैंबर की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का माद्दा है। यह टीम सरकार और व्यापारियों के बीच एक मजबूत सेतु (Bridge) का काम करेगी।
रंजीत गाड़ोदिया: उन्होंने जोर देकर कहा कि चैंबर को एक दूरदर्शी नेतृत्व देने के लिए इस टीम का गठन किया गया है, जिसे पूर्व नेतृत्वकर्ताओं का पूर्ण आशीर्वाद हासिल है।
परेश गट्टानी: उन्होंने दावा किया कि व्यापारी वर्ग में बदलाव की लहर है और चैंबर सदस्य इस बार टीम तुलसी पटेल को पूर्ण समर्थन देने के मूड में हैं।
टीम तुलसी पटेल के 32 प्रत्याशियों की पूरी सूची
टीम तुलसी पटेल की ओर से चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के नाम इस प्रकार हैं:
तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह
ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग
प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल
रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली
विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल
रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल।














