Home » झारखंड कांग्रेस में बड़ी कार्रवाई: पूर्व मंत्री योगेंद्र साव 3 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, जानें पूरा मामला !
रांची: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर की गई है।
क्यों हुई कार्रवाई?
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मंत्री योगेंद्र साव द्वारा लगातार मीडिया के माध्यम से राज्य की गठबंधन सरकार और माननीय मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही थीं। इसे पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन मानते हुए उन्हें गत 20 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
उनके द्वारा दिए गए जवाब की गहन समीक्षा, 26 सितंबर को व्यक्तिगत सुनवाई और प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
पहले भी मिल चुकी थी चेतावनी और माफी
मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने यह भी स्पष्ट किया कि योगेंद्र साव को पूर्व में भी अनुशासनहीनता के मामलों के कारण 20 मार्च 2026 को पार्टी से निष्कासित किया गया था। हालांकि, उस समय उनके द्वारा भविष्य में पार्टी अनुशासन का पूरी तरह पालन करने का आश्वासन देने और लिखित खेद व्यक्त करने के बाद, 25 जून 2026 को उन्हें पुनः पार्टी में बहाल किया गया था।
इसके बावजूद उनके द्वारा दोबारा पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना करते हुए बयानबाजी जारी रखना पार्टी के लिए बेहद गंभीर मामला बन गया, जिसके चलते अनुशासन समिति की अनुशंसा पर यह सख्त कदम उठाया गया है।