Home » दांतों से पेन पकड़कर 93.8% अंक: गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह ने CM हेमन्त सोरेन से की मुलाकात !
दांतों से पेन पकड़कर 93.8% अंक: गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह ने CM हेमन्त सोरेन से की मुलाकात !
रांची: विपरीत परिस्थितियां और शारीरिक चुनौतियां भी मजबूत इरादों के आगे हार मान लेती हैं। गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित कर दिखाया है। झारखंड विधानसभा में गोड्डा के इस होनहार छात्र ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की।
मुंह से लिखकर हासिल किए 93.8 प्रतिशत अंक
मुलाकात के दौरान मो० फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर (मुंह से लिखकर) पढ़ाई तथा परीक्षा देते हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में मुंह से लिखकर 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, उनका नामांकन यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा में रहा है।
मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला, मदद का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने मो० फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बे और दृढ़ इच्छाशक्ति की खुलकर सराहना की। उन्होंने छात्र को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद किए जाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मो० फैजानुल्लाह की यह कामयाबी केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, संकल्प और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।
होम-बेस्ड एजुकेशन (HBE) से मिली मजबूती
उल्लेखनीय है कि मो० फैजानुल्लाह की पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत Home-Based Education (HBE) के माध्यम से हुई। सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित होने के बावजूद अपनी लगन, परिश्रम और समावेशी शिक्षा के सहयोग से उन्होंने जैक मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक लाकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।