Home » झारखंड में ग्रामीण विकास योजनाओं पर भाजपा का हमला, कैग रिपोर्ट के हवाले से हेमंत सरकार को घेरा !
ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भाजपा का हमला, कैग रिपोर्ट के हवाले से हेमंत सरकार को घेरा !
रांची : झारखंड में ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग तस्वीर पेश करती है। उन्होंने कहा कि मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं में सामने आई कमियां निगरानी व्यवस्था और अमल की सुस्ती को दर्शाती हैं।
मनरेगा कार्यों और मजदूरी भुगतान पर सवाल
रमाकांत महतो ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। 11 अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा में पेश कैग रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मनरेगा के तहत प्रस्तावित 1,02,68,484 कार्यों में से 27,96,044 कार्य (लगभग 27 प्रतिशत) ही मार्च 2024 तक पूरे हो सके। रिपोर्ट में 50,21,492 कार्यों के अधूरे रहने का उल्लेख है, जिन पर 2,633 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे।
भाजपा प्रवक्ता ने मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कैग रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच अकुशल मजदूरों की 321.84 करोड़ रुपये की मजदूरी मार्च 2025 तक बकाया थी। उन्होंने कहा कि अनिवार्य माप पुस्तिका और मस्टर रोल के रखरखाव में खामियां पाई गईं तथा बिना सत्यापित माप के भुगतान जारी होने के मामले भी सामने आए। उन्होंने पूछा कि ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की जवाबदेही कौन तय करेगा।
पीएम आवास ग्रामीण और जल जीवन मिशन के आंकड़े
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का जिक्र करते हुए श्री महतो ने कहा कि कैग रिपोर्ट में 6.32 लाख पात्र ग्रामीण परिवारों के योजना से बाहर रहने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2016 से 2024 के बीच 15,92,124 आवास स्वीकृत हुए, जिनमें से जनवरी 2025 तक 15,62,249 आवास पूरे हुए। उपलब्ध 20,199.98 करोड़ रुपये के मुकाबले 14,113 करोड़ रुपये खर्च होने का ब्योरा देते हुए उन्होंने वित्तीय प्रबंधन और लाभार्थी पहचान पर सवाल उठाए।
जल जीवन मिशन को लेकर रमाकांत महतो ने कहा कि राज्य में 98,067 योजनाएं स्वीकृत हुईं, लेकिन दिसंबर 2024 तक 27,249 योजनाएं (28 प्रतिशत) ही पूरी हो सकीं। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 तक झारखंड के 62.53 लाख ग्रामीण परिवारों में से 55 प्रतिशत परिवारों को नल से जल का कनेक्शन मिला, जबकि राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत रहा।
मंत्री और मुख्यमंत्री से जवाब की मांग
रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से पूछा कि मजदूरों को समय पर मजदूरी, गरीबों को पक्का मकान और गांवों को बुनियादी सुविधाएं कब मिलेंगी। उन्होंने कहा कि केवल बैठकों में निर्देश देने और समीक्षा करने के बजाय गांवों में योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन जरूरी है और जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसियों पर कार्रवाई बताई जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जवाब मांगते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास बजट आवंटन और घोषणाओं से नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचने से तय होता है। उन्होंने कहा कि सरकार को कैग की आपत्तियों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और समयबद्ध सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।