Home » लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव: सीएम हेमन्त सोरेन का शिक्षा, संगठन और पर्यटन विकास पर जोर !
लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव में बोले सीएम हेमन्त सोरेन— शिक्षा, संगठन और आर्थिक सशक्तिकरण से ही होगा समाज का उत्थान !
ललपनिया :बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित ‘लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव’ और ‘अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। महोत्सव में उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज से शिक्षा के प्रति जागरूक होने, अपने संवैधानिक व सामाजिक अधिकारों को समझने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
खनिज संपदा में हिस्सेदारी और संगठित होने का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के खनिजों से देश चलता है, जबकि आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि खनन कार्यों के लिए आदिवासियों की जमीनें खोदी जा रही हैं, ऐसे में झारखंड की खनिज संपदा पर समाज के लोगों की हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए सभी को एकत्रित और संगठित होना होगा। शिक्षा से ही समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आ सकता है, जिससे युवा वर्ग अपने समाज और राज्य को आगे बढ़ा सकेगा।
पर्यटन स्थल के रूप में विकास और संग्रहालय का निर्माण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ को देश का एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां संग्रहालय के निर्माण का निर्णय लिया गया है, ताकि आदिवासी समाज को एक विशिष्ट पहचान मिल सके और नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक व पौराणिक धरोहरों को करीब से जान व समझ सके। राज्य सरकार द्वारा इस स्थल पर हर वर्ष महोत्सव की विशाल तैयारी और आवश्यक सुविधाएं बहाल की जा रही हैं।
सरना धर्म कोड को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने वर्तमान में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और आगामी जनगणना कार्य को लेकर भी समाज के लोगों से सजग व जागरूक रहने की अपील की।
खिचड़ी प्रसाद वितरण और गणमान्य लोगों की उपस्थिति
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव में अपने दिवंगत पूज्य पिता ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन और पूज्य माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
इससे पहले ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री श्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री फागू बेसरा, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक श्री उमाकांत रजक, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी, झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से आए प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।