Home » नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस, 111 करोड़ की योजनाएं: हेमंत सोरेन !
रामगढ़ (नेमरा),: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस सह पारितोषिक वितरण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां वितरित कीं।
शहादत की विरासत और दिशोम गुरु का योगदान
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस को ऐतिहासिक बनाने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। उन्होंने कहा कि सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की आवाज को दबाने की साजिश रची गई थी, लेकिन शिबू सोरेन के नेतृत्व में यह आंदोलन फिर जीवंत हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है।
स्वाभिमान और अलग झारखंड आंदोलन का संघर्ष
मुख्यमंत्री ने अतीत के संघर्षों का स्मरण करते हुए कहा कि एक समय आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच वालों के सामने सिर उठाकर नहीं देख सकते थे, लेकिन आज वे निडर होकर अपनी बात रखते हैं और स्वाभिमान के साथ जीते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव की तरह सोबरन मांझी ने भी निडरता दिखाई। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक उठी चिंगारियों ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन का रूप लिया। हेमन्त सोरेन ने कहा कि उस दौर में लोग सवाल करते थे कि आदिवासी-मूलवासी अपना राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों का एक नौजवान राज्य को संवार रहा है।
2500 रुपये की सम्मान राशि से आर्थिक स्वावलंबन
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव से लेकर शहर तक लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। पहले चरण में 18 से 50 आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के किसी अन्य राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है और इसका मकसद महिलाओं को सशक्त बनाना है ताकि वे स्वयं गरीबी की रेखा से बाहर निकल सकें।
संसाधनों की बाधा और अधिकारों की लड़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है, तथा राजस्व के स्रोतों को रोकने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम इससे घबराने वाले नहीं हैं। जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अब झारखंड में बाहर से आकर किसी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा और पहले राज्य के लोगों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बार कार्यक्रम सादगी से आयोजित किया गया है, लेकिन आगे इसे और भव्य रूप से मनाया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।