Home » झारखंड भाजपा में बड़ा बदलाव: पवन साय बने प्रदेश संगठन महामंत्री, सौदान सिंह को मिला 4 राज्यों का प्रभार
झारखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: पवन कुमार साय बने प्रदेश संगठन महामंत्री, सौदान सिंह को 4 राज्यों की कमान !
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने देश भर में बड़े पैमाने पर संगठनात्मक बदलाव करते हुए कई राज्यों में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इस फेरबदल के तहत झारखंड भाजपा में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी नियुक्त किया है।
इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे पवन कुमार साय को अब झारखंड भाजपा का नया प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है। वहीं, झारखंड में अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है।
अनुभवी संगठनकर्ताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
सौदान सिंह (क्षेत्रीय संगठन प्रभारी): सौदान सिंह की पहचान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने वाले कद्दावर नेताओं में होती है। झारखंड की राजनीति और भाजपा संगठन से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के रूप में उनके अनुभव का लाभ इन चारों राज्यों को मिलेगा।
पवन कुमार साय (प्रदेश संगठन महामंत्री, झारखंड): वर्ष 2016 से छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को एक बेहद अनुभवी संगठनकर्ता माना जाता है। वे कार्यकर्ता संपर्क, संगठन विस्तार, अनुशासन और बूथ सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने के लिए जाने जाते हैं।
कर्मवीर सिंह (प्रदेश संगठन महामंत्री, छत्तीसगढ़): झारखंड में अपनी कार्यक्षमता से संगठन को मजबूत करने वाले कर्मवीर सिंह अब छत्तीसगढ़ में भाजपा को नई ऊर्जा देने का काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई
झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में समय-समय पर दायित्व परिवर्तन पार्टी की कार्यपद्धति का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “सौदान सिंह और पवन कुमार साय के समृद्ध सांगठनिक अनुभव और कुशल नेतृत्व से झारखंड में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। वहीं कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पार्टी और अधिक सशक्त होगी।”
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य हर बूथ तक संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “सौदान सिंह जी के लंबे अनुभव का लाभ झारखंड को मिलेगा, क्योंकि वे इस राज्य की भौगलिक और राजनीतिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। नए नेतृत्व में झारखंड भाजपा अधिक सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।”
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जताया हर्ष
इन नियुक्तियों पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा, महामंत्री अमर कुमार बाउरी, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।