Home » जल जीवन मिशन: 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘जल अर्पण दिवस’, संताल परगना में पेयजल योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा
जल जीवन मिशन: 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘जल अर्पण दिवस’, लापरवाही पर ठेकेदारों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई !
देवघर/रांची: झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ में चल रही योजनाओं की विस्तृत जिलावार समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन (JJM) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आपसी समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
2 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाने की तैयारी
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने निर्देश दिया कि आगामी 02 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाया जाए। इसके साथ ही, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लिए ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन (प्रमाणन) के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के आदेश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमंडल के सभी कंट्रोल रूम और टॉल फ्री नंबरों को हर हाल में क्रियाशील रखा जाए ताकि आम लोगों को पेयजल संबंधित समस्याओं का तुरंत निवारण मिल सके।
लापरवाह संवेदकों पर कसने जा रहा शिकंजा
सचिव अबू इमरान ने जलापूर्ति के दौरान जल की गुणवत्ता की जांच पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं में ढिलाई या लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल स्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से उन्होंने इंटेकवेल के आसपास किसी भी प्रकार के अवैध खनन और बालू उठाव पर पूरी तरह रोक लगाने का आदेश जारी किया।
बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित एनओसी (NOC) की प्रक्रिया में तेजी लाने, SNS SPARSH Onboarding, Sujal ID Creation, और लंबित मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया। योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए जल शुल्क संग्रह बढ़ाने और Consumer ID बनाकर बिजली विभाग से बेहतर समन्वय स्थापित करने की हिदायत भी दी गई।
गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए 5-Star ODF Plus पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके तहत:
PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना और आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शौचालय निर्माण और स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
पूर्व में ODF Plus घोषित गांवों का जल्द भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलेगा और सभी ग्रामसभाओं में एकल-उपयोग (Single-use) प्लास्टिक पर प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित कराया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और जामताड़ा के उप विकास आयुक्त (DDC), पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय अधिकारी, सभी अधीक्षण अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता एवं योजनाओं से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।