Home » मदरसा हॉस्टल और कब्रिस्तान घेराबंदी पर झारखंड में सियासत गर्म, बीजेपी ने हाफिजुल हसन के दावों पर उठाया सवाल
मदरसा हॉस्टल और कब्रिस्तान घेराबंदी पर झारखंड में सियासत तेज: मंत्री हाफिजुल हसन के दावों पर बीजेपी का पलटवार !
रांची: झारखंड में अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं को लेकर राज्य सरकार और विपक्ष (बीजेपी) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाफिजुल हसन द्वारा मदरसा हॉस्टल निर्माण और कब्रिस्तानों की घेराबंदी को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।
मंत्री हाफिजुल हसन का दावा और केंद्र पर आरोप
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाफिजुल हसन ने कहा कि राज्य सरकार राज्यभर में अल्पसंख्यकों के विकास और उनकी सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे झारखंड में 146 मदरसा हॉस्टलों के निर्माण की मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही राज्य के 4,000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराने का भी आदेश जारी किया जा चुका है।
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मंत्री हाफिजुल हसन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अल्पसंख्यकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अल्पसंख्यकों के कल्याण को लेकर केंद्रीय स्तर पर कोई खास चिंता नहीं दिखाई देती। मंत्री के अनुसार, केंद्रीय मंत्रियों से कई बार मुलाकात और पत्राचार के बावजूद केंद्रीय योजनाओं को राज्य की जमीन पर उतारने में काफी अड़चनों का सामना करना पड़ा है, फिर भी राज्य सरकार अपने संसाधनों से इन योजनाओं को पूरा करने का प्रयास कर रही है।
बीजेपी का पलटवार: “6 साल बीत गए, जमीन पर कुछ नहीं उतरा”
मंत्री हाफिजुल हसन के बयानों और दावों पर झारखंड बीजेपी के सह-मीडिया प्रभारी तारिक इमरान ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी नेता ने राज्य सरकार के दावों को महज कागजी और चुनावी घोषणा करार दिया।
तारिक इमरान ने कहा कि मंत्री जी को 146 मदरसा हॉस्टलों के निर्माण की केवल मंजूरी देने में ही 6 साल का लंबा वक्त लग गया, लेकिन आज तक इनमें से एक भी हॉस्टल धरातल पर बनकर तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि 4,000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी का दावा भी केवल बयानों और फाइलों तक ही सीमित रह गया है।
बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अपनी विफलताओं और ढुलमुल रवैये को छिपाने के लिए अब राज्य सरकार और उसके मंत्री केंद्र सरकार पर ठीकरा फोड़ने का काम कर रहे हैं। जनता अब इनके खोखले दावों को समझ चुकी है।