Home » झारखंड मतदाता सूची एसआईआर: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, के. रवि कुमार ने दी चेतावनी !
झारखंड मतदाता सूची एसआईआर: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, माता-पिता के एपिक विवरण में लापरवाही पर नाराजगी !
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) श्री के. रवि कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र लगाने वालों और दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संथाल परगना निरीक्षण में सामने आईं कमियां
सीईओ के. रवि कुमार ने बताया कि पूरे राज्य में एसआईआर कार्यों की सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने 21 और 22 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल के जरमुंडी, पाकुड़ और राजमहल विधानसभा क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अभिलेखों और प्रक्रियाओं में गंभीर कमियां पाई गईं। इससे पहले गढ़वा, रांची और पलामू में सुपर चेकिंग के दौरान भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र संलग्न किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 22 नवंबर को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पकड़ा गया है। इस मामले में जिला निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकता और पात्रता का कड़ा सत्यापन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और किसी भी अपात्र व्यक्ति को सूची में आने से रोकना है। उन्होंने कहा कि संविधान और नागरिकता अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता बनने के पात्र हैं। इसलिए जन्म तिथि और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार पात्रता की गहन जांच अनिवार्य है।
माता-पिता के एपिक (EPIC) विवरण में लापरवाही पर सख्त निर्देश
आवेदनों की जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि कई मामलों में माता-पिता का नाम और एपिक संख्या मौजूद होने के बावजूद गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र और आदेश पत्रक में इसका जिक्र नहीं किया जा रहा है। सीईओ ने निर्देश दिया कि:
ECINET पर उपलब्ध एपिक संख्या का अनिवार्य रूप से सत्यापन और अंकन किया जाए।
जिन आवेदकों के माता-पिता पूर्व के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उनके विवरण को आवेदक से अनिवार्य रूप से लिंक किया जाए।
माता-पिता के निधन या मतदाता सूची में दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया का पालन हो।
जीवित माता-पिता का विवरण न देने वाले मामलों की विशेष जांच कर आवेदक से जानकारी ली जाए और सत्यापन किया जाए।
स्पीकिंग ऑर्डर के बिना नहीं हटेगा नाम
के. रवि कुमार ने निर्देश दिया कि ERONet में जिन मामलों में नोटिस जारी किए जाते हैं, उनमें संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुनवाई के बाद अनिवार्य रूप से स्पीकिंग ऑर्डर पारित करें। अपात्र पाए जाने वाले मामलों में भी सक्षम स्तर से विधिवत आदेश जारी किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज किसी भी मतदाता का नाम समुचित जांच, कारण और सक्षम आदेश के बिना अंतिम रूप से नहीं हटाया जाए।
30 नवंबर तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट, फॉर्म-6 पर जोर
सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सुपर चेकिंग कर 30 नवंबर 2026 तक अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आयोग ने एसआईआर कार्य के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय दिया है, जिसका उपयोग निष्पक्ष जांच में किया जाए। साथ ही नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराकर आवेदन के लिए प्रेरित करने और प्राप्त आवेदनों का ECINET पर समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सहित सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे।