Home » विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर, 2050 के झारखंड पर काम जारी: सीएम हेमंत सोरेन !
विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर, 2050 के झारखंड पर काम जारी: सीएम हेमंत सोरेन !
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है, जो न किसी की जाति देखता है, न धर्म, न आय और न ही ऊँच-नीच। यह मानवता और इंसानियत का मंदिर है, जहाँ सभी एक समान हैं और जिसकी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने यह बातें झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में अपने संबोधन के दौरान कहीं।
सामूहिक ज़िम्मेदारी से तय होती है राज्य की दिशा
मुख्यमंत्री ने गर्व जताते हुए कहा कि सदन के सदस्य अलग-अलग संवैधानिक व संसदीय भूमिकाओं में राज्य को दिशा देने का काम करते हैं। इनमें से कोई मंत्री बनता है, तो कोई मुख्यमंत्री, अध्यक्ष, सचेतक, नेता प्रतिपक्ष या सत्ता पक्ष की भूमिका निभाता है, वहीं विधानसभा की विभिन्न समितियों के माध्यम से भी विधायकों को अहम ज़िम्मेदारियाँ सौंपी जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्य सामूहिक प्रयास से होता है और हर निर्णय का उद्देश्य जनहित होना चाहिए, क्योंकि हर पाँच साल में जनता के सामने काम का हिसाब देना होता है।
उपलब्धियों के साथ व्यवस्था में बड़े सुधार की ज़रूरत
हेमंत सोरेन ने कहा कि बीते पाँच-छह वर्षों में राज्य सरकार ने ऐसे कई कदम उठाए हैं, जिन्हें आज देश में एक उदाहरण के रूप में देखा जाता है। शिक्षा के स्तर में सुधार और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सरकार निरंतर काम कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इतनी बड़ी व्यवस्था में अभी भी कई काम बाकी हैं, जिन्हें बेहतर और दुरुस्त करने तथा कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फेरबदल करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
2050 के झारखंड के स्वरूप पर लंबी कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2050 में झारखंड का स्वरूप कैसा हो, इसे लेकर सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है। दीर्घकालिक कार्ययोजना के साथ नीतियाँ बनाई जा रही हैं, ताकि राज्य के उन आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा किया जा सके जिनके संघर्ष और खून-पसीने से झारखंड बना है, और आने वाली पीढ़ियों को एक सशक्त व बेहतर व्यवस्था मिल सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस सबसे बड़े मंदिर का सम्मान करते हुए हर निर्णय ऐसा होना चाहिए जो राज्य के हित और भविष्य को मजबूत करे।