Home » जल जीवन मिशन: SWSM कार्यकारिणी बैठक में विभागीय समिट की तैयारियों पर मंथन, हर घर नल से जल पर जोर
रांची में जल जीवन मिशन की कार्यकारिणी बैठक आयोजित, विभागीय समिट और ‘हर घर नल से जल’ की मजबूती पर मंथन !
रांची: राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (SWSM) की कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। विभागीय सचिव श्री अबु इमरान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित आगामी विभागीय समिट की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर नल से जल’ योजना के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
मुख्य बिंदु एवं प्रमुख एजेंडे:
जल संरचना परियोजनाओं की समीक्षा: योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्रोत स्थिरता (Source Sustainability): ग्रामीण पेयजल स्रोतों की दीर्घकालिक उपलब्धता बनाए रखने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।
संचालन एवं रखरखाव (O&M): जलापूर्ति योजनाओं के सतत संचालन और रखरखाव के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया।
कैच द रेन अभियान: वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण अभियानों को तेजी से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
विभिन्न विभागों और विशेषज्ञों की सहभागिता:
बैठक में पंचायती राज, जल संसाधन, सूचना एवं जनसंपर्क, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनिसेफ (UNICEF) के WASH विशेषज्ञों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और तकनीकी सुझाव दिए।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, PMU पदाधिकारी, मुख्य अभियंता (CDO), उप निदेशक-1 और राज्य समन्वयक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विभागीय समिट के माध्यम से सभी विभागों के बीच अंतर-विभागीय समन्वय (Inter-departmental coordination) को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।