Home » कांग्रेस ने झारखंड को बनाया ATM’: खनिज और कोयले की काली कमाई बंद होने की छटपटाहट में हो रहा विरोध
कांग्रेस मुद्दाविहीन पार्टी, MMDR अधिनियम पर विरोध बेबुनियाद’: झारखंड BJP अध्यक्ष आदित्य साहू
रांची। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने MMDR (खान एवं खनिज विकास और नियमन) संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि MMDR संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध पूरी तरह से बेतुका और बेबुनियाद है। यह केवल देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने तथा असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की एक सोची-समझी साजिश है।

‘कांग्रेस ने झारखंड को बनाया एटीएम’
आदित्य साहू ने कांग्रेस को पूरी तरह मुद्दाविहीन पार्टी बताते हुए कहा कि मुद्दों को भटकाना इनकी पुरानी आदत रही है। लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, लेकिन कांग्रेस इसे पूरी तरह भुला चुकी है। अच्छे कानूनों और जनहित की बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना कांग्रेस के स्वभाव में शामिल हो गया है।
उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने झारखंड को अपना ‘एटीएम’ बनाकर रखा है और अपनी जरूरत के हिसाब से राज्य को लूटकर खोखला कर रही है। MMDR अधिनियम के लागू होने से कोयले और खनिजों से होने वाली कांग्रेस की काली कमाई बंद होने वाली है, जिसकी छटपटाहट में यह बेबुनियाद विरोध किया जा रहा है।
पड़ोसी राज्यों से महंगा कोयला और अत्यधिक सेस वसूली
साहू ने कहा कि MMDR अधिनियम का विरोध कांग्रेस शासित राज्यों में भी नहीं हो रहा है, लेकिन झारखंड में छात्रों के आंदोलन और फर्जी मुकदमों के आड़ में कांग्रेस अपनी नाकामी छुपाना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब झारखंड के उद्यमियों को पड़ोसी राज्यों से सस्ते दर पर कोयला और आयरन ओर मिल रहा है, तो वे राज्य का महंगा कोयला क्यों खरीदेंगे? झारखंड सरकार ने सेस के नाम पर खुली छूट दे रखी है—आयरन ओर पर ₹600 प्रति टन और कोयले पर ₹450 प्रति टन की दर से भारी सेस वसूला जा रहा है।
BCCL बंदी की कगार पर, गृह मंत्री से CISF तैनाती की मांग
केंद्रीय कोयला मंत्री से हुई अपनी हालिया मुलाकात का हवाला देते हुए आदित्य साहू ने बताया कि बीसीसीएल (BCCL) की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। राज्य सरकार के संरक्षण और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी हो रही है। यदि केंद्र सरकार आर्थिक मदद न दे, तो कर्मचारियों के वेतन के भी लाले पड़ जाएंगे।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय द्वारा बीसीसीएल में सीआईएसएफ (CISF) तैनात कर चोरी पर नकेल कसी गई है। उसी तर्ज पर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा जैसे जिलों में भी CISF जवानों की तैनाती करने की मांग की है ताकि झारखंड की बहुमूल्य खनिज संपदा को बचाया जा सके।
आंदोलनों को बेचने का पुराना इतिहास
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने याद दिलाया कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस ने आंदोलन को खरीदने और कमजोर करने का काम किया था। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के इस भ्रमजाल का मुंहतोड़ जवाब देगा।इस प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा एवं शोभा यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे।