Home » मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन का प्रतिनिधिमंडल, संताली भाषा पर रखी मांगें
झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, संताली भाषा से जुड़े मुद्दों पर सौंपा मांग पत्र !
रांची। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शनिवार को “झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन” के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से औपचारिक मुलाकात की। इस बैठक के दौरान यूनियन के प्रतिनिधियों ने राज्य में संताली भाषा के संरक्षण, संवर्धन और इससे जुड़ी विभिन्न समस्याओं व मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
संताली भाषा के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य में संताली भाषा के पठन-पाठन, शिक्षकों की बहाली और भाषा के प्रशासनिक उपयोग से संबंधित कई चुनौतियाँ मौजूद हैं। यूनियन ने भाषा के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार से सकारात्मक कदम उठाने और युवाओं की अपेक्षाओं को पूरा करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उठाए गए विषयों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संताली भाषा से जुड़े इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर राज्य सरकार की ओर से आवश्यक पहल की जाएगी।
बैठक में यह प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा, उपाध्यक्ष सबिता बास्के, सचिव हरिश चन्द्र मरांडी, संयुक्त सचिव संगम लता कुमारी, कोषाध्यक्ष बाबूलाल हेम्ब्रम, आनंद और गोपाल चन्द्र हांसदा सहित संगठन के अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।