Home » SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची सुधार: झारखंड कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत
रांची: SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची सुधार को लेकर चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस, चतरा मामले की जांच की मांग !
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के० रवि कुमार से मिला। पार्टी के प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने और आम लोगों को आ रही समस्याओं को शीघ्र दूर करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने वोटर लिस्ट, बूथ पुनर्गठन और फॉर्म-7 के अचानक बढ़े मामलों को लेकर चुनाव आयोग के समक्ष अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
SIR प्रक्रिया को आसान बनाने और अतिरिक्त केंद्र स्थापित करने का सुझाव
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सुझाव दिया कि SIR प्रक्रिया के तहत जिन नागरिकों को नोटिस भेजे गए हैं, उनकी सुनवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। सुनवाई को सुगम और त्वरित बनाने के लिए अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए जाएं और अधिक से अधिक अधिकारियों की तैनाती की जाए, ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सप्ताहिक आधार पर फॉर्म 6, 7 और 8 का ब्योरा देने की मांग
पार्टी नेताओं ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर जोर देते हुए मांग की कि हर हफ्ते फॉर्म 6, 7 और 8 से संबंधित विधानसभा-वार जानकारी (फॉर्मेट 9, 10, 11ए और 11बी के अनुसार) उपलब्ध कराई जाए।
जिला स्तर पर: यह जानकारी राजनीतिक दलों के BLA-1 और BLA-2 को दी जाए।
राज्य स्तर पर: सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ यह डेटा नियमित रूप से साझा किया जाए।
चतरा विधानसभा में एक ही दिन में 1,113 फॉर्म-7 जमा होना संदेहास्पद
कांग्रेस नेताओं ने चतरा विधानसभा क्षेत्र का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि चतरा सीट पर एक ही दिन में अचानक 1,113 ‘फॉर्म-7’ (नाम हटाने हेतु आवेदन) जमा किए गए हैं, जो अत्यंत संदेहास्पद है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और फॉर्मेट-10 के तहत इसका पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम दुर्भावनापूर्ण तरीके से न हटाया जा सके।
बूथों के पुनर्गठन और तकनीकी त्रुटियों को सुधारने पर जोर
बैठक के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निम्नलिखित दो प्रमुख मुद्दों पर भी ध्यान आकर्षित कराया:
बूथ सूची का अपडेट: मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद पुराने और नए बूथ नंबरों की अद्यतन (updated) सूची सभी राजनीतिक दलों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
जाति प्रमाण पत्र एवं वोटर लिस्ट संशोधन: बीसी-1 (BC-1) सूची (क्रमांक 3342) में दर्ज तकनीकी त्रुटियों को सही जाति प्रमाण पत्र के आधार पर तुरंत सुधारा जाए, जिससे किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से न कटे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिया समाधान का आश्वासन
कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के० रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा की जाएगी और समस्याओं का शीघ्र से शीघ्र समाधान निकाला जाएगा।