Home » प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए भरा नामांकन; बोले- यह बिहार के बेहतर भविष्य की शुरुआत है
पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने पटना की सड़कों पर एक विशाल पदयात्रा के जरिए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया।
स्काउट गाइड मैदान से कलेक्ट्रेट तक गूंजा “लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर”
नामांकन से पूर्व प्रशांत किशोर ने स्काउट एवं गाइड मैदान से इस ऐतिहासिक पदयात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए सीधे कलेक्ट्रेट (समाहरणालय) पहुंची।
पदयात्रा में जन सुराज के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
पूरे रास्ते में समर्थकों का उत्साह चरम पर था और चारों तरफ “लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर” के नारे गूंजते रहे।
“यह मेरा नामांकन नहीं, बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है”
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:
“यह सिर्फ मेरा नामांकन नहीं है, बल्कि बिहार में बदलती हुई तस्वीर का नामांकन है। यह बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है और बिहार की सत्ता पर बैठे अपराधी लोगों को कुर्सी छोड़ने का आह्वान है। आज से इसकी शुरुआत हो चुकी है।”
बीजेपी के अहंकार पर अंकुश लगाने का चुनाव: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता को संदेश देते हुए कहा कि बांकीपुर किसी खास पार्टी या नेता का गढ़ नहीं है, बल्कि यह जनता का गढ़ है। अब जनता को तय करना है कि आगे क्या होगा।
उन्होंने आगे जोड़ा, “यह उपचुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार में नेतृत्व बदलने का चुनाव है। यह बिहार में बीजेपी के अहंकार पर अंकुश लगाने और चुने हुए प्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने का चुनाव है।”