Home » बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी पर तीखा हमला: ‘देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही कांग्रेस’
चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस का आरोप नया नहीं, राहुल गांधी देश में अराजकता फैलाने का कर रहे प्रयास: बाबूलाल मरांडी !
गिरिडीह: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। गिरिडीह में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मरांडी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश में अराजकता का माहौल पैदा करने और केंद्र की मोदी सरकार को बेवजह बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
2014 से लगातार आधारहीन आरोप लगा रही है कांग्रेस
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर आरोप लगाना कोई नई बात नहीं है। 2014 में सत्ता से बाहर होने के बाद से ही कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार ऐसे प्रयास करते रहे हैं।
उन्होंने कहा, “कभी ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ बताकर विवाद खड़ा किया जाता है, तो कभी ‘चौकीदार चोर है’, राफेल मुद्दा और फोन टैपिंग जैसे बेबुनियाद विषय उठाए जाते हैं। अब जब ये सारे मुद्दे नाकाम हो गए, तो ‘वोट चोरी’ का नया राग अलापा जा रहा है। देश की जनता अब जाग चुकी है और वह इनकी तथ्यहीन बातों पर कभी भरोसा नहीं करती।”
‘राहुल गांधी का अच्छे अस्पताल में हो इलाज, वरना 2029 तक डूब जाएगा गठबंधन’
कांग्रेस और इंडी (INDI) गठबंधन के नेताओं को सख्त सलाह देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस को अपने शीर्ष नेता की गतिविधियों और बयानों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
मरांडी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “संसद के भीतर हो या बाहर, देश में हों या विदेश में—राहुल गांधी जिस तरह का आचरण करते हैं, उसे देखते हुए कांग्रेस को उनकी चिंता करनी चाहिए। देश-दुनिया के किसी अच्छे अस्पताल में उनका इलाज कराया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो 2029 का चुनाव आते-आते वे कांग्रेस के साथ-साथ पूरे इंडी गठबंधन को डुबो देंगे।”
चुनाव आयोग के बयान से औंधे मुंह गिरा विपक्ष
हाल ही में चुनाव प्रक्रिया को लेकर बने राजनीतिक घमासान पर बोलते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि एक अखबार की खबर को आधार बनाकर विपक्ष ने ऐसे हंगामा मचाया मानो उनके हाथ कोई बहुत बड़ा तोप लग गया हो।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद जारी संयुक्त आधिकारिक बयान ने विपक्ष के सारे गुब्बारों की हवा निकाल दी है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए थे। आयोग के इस बयान के बाद राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरा इंडी गठबंधन औंधे मुंह गिर गया है।
विदेशों में देश की छवि धूमिल करने का प्रयास
बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर देश विरोधी शक्तियों के सुर में सुर मिलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद ही कोई ऐसा विपक्षी नेता होगा जो हर समय अपने ही देश की साख और छवि को धूमिल करने में लगा रहता है। कांग्रेस के बयान अक्सर चीन और अन्य प्रतिद्वंद्वी देशों के हितों के अनुकूल प्रतीत होते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में देश की जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन के इस राजनीतिक रवैये का करारा जवाब देगी।