Home » मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में IITF-2026 के झारखंड पवेलियन का किया उद्घाटन | Jharkhand News
नई दिल्ली/रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड पवेलियन और ‘पलाश’ स्टॉल का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उद्घाटन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘विकास और विरासत’ है इस वर्ष की थीम
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि हर वर्ष इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाता है, जिसमें झारखंड अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष राज्य को ‘फोकस स्टेट’ के रूप में भाग लेने का विशेष अवसर मिला है।
उन्होंने आगे कहा, “इस वर्ष हमारी थीम ‘विकास और विरासत’ है। इस थीम के माध्यम से सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही विकासात्मक पहलों को प्रमुखता से देश-दुनिया के पटल पर प्रस्तुत किया है।”
पारंपरिक नृत्य से हुआ स्वागत, मुख्यमंत्री ने किया स्टॉलों का भ्रमण
पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उद्घाटन के उपरांत, मुख्यमंत्री ने पूरे पवेलियन का मुआयना किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, टसर सिल्क और महिला उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।
इस वर्ष के पवेलियन में विशेष रूप से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला एसएचजी (SHG) की भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रमुखता दी गई है।
गणमान्य अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस उद्घाटन समारोह के दौरान राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक श्री नमन प्रियेश लकड़ा एवं उद्योग निदेशक श्री विशाल सागर सहित राज्य सरकार के अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।