Home » झारखंड: 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा ‘एक और अवसर’ कैंप, छूटे हुए पात्र नागरिक जुड़वा सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम !
रांची। झारखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने एक बड़ी पहल की है। आगामी 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक ‘एक और अवसर’ कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बूथ स्तर पर बीएलओ-बीएलए-2 (BLO-BLA-2) की छठी एवं अंतिम बैठक और चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी। इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को नाम जुड़वाने का अंतिम मौका प्रदान करना है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने गुरुवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में यह जानकारी दी। बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, प्राप्त शिकायतों के निष्पादन और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कैंप के दौरान इन तीन प्रमुख बिंदुओं पर रहेगा विशेष ध्यान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर को लगने वाले विशेष कैंप में मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर फोकस किया जाएगा:
1. एएसडीडी (ASDD) सूची का पुनः प्रकाशन: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि) सूची को पुनः प्रकाशित किया जा रहा है। यदि इस सूची में किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम दर्ज हो गया है और वह वहां उपलब्ध है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर अपना नाम पुनः जुड़वा सकता है।
2. दस्तावेज जमा न करने वाले मतदाता: विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं अन्य मामलों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से सुनवाई के क्रम में दो बार नोटिस दिए जाने और घर-घर सत्यापन के बावजूद ड्राफ्ट मतदाता सूची के जिन मतदाताओं ने अभी तक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उनकी सूची संबंधित बूथों पर उपलब्ध रहेगी।
3. 18 वर्ष पूरे कर चुके नए युवा मतदाता: ऐसे पात्र युवा नागरिक जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है, उनसे फॉर्म-6 प्राप्त कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक दलों से सक्रिय भागीदारी की अपील, जारी हुआ वॉट्सऐप नंबर
श्री के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि एसआईआर के तहत यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की उपस्थिति सुनिश्चित करें। राजनीतिक दल अपने बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों पर छूटे हुए पात्र नागरिकों की सूची तैयार कराएं। यह सूची 18 नवंबर की बैठक में अनिवार्य रूप से बीएलओ को सौंपी जाए और साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर 6200079297 पर भी भेजी जाए।
परमानेंट डॉक्यूमेंट के रूप में काम करेगी मतदाता सूची
सीईओ ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान एसआईआर के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची भविष्य में एक स्थायी दस्तावेज (परमानेंट डॉक्यूमेंट) के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक इससे वंचित न रहे और किसी भी अपात्र या विदेशी व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर समेत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।