Home » बाबूलाल मरांडी पहुंचे रांची सदर सीओ कार्यालय, छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ झामुमो कार्यकर्ताओं पर FIR की मांग
रांची: जेपीएससी (JPSC) एवं जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) परीक्षा में हुई धांधली और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान तैनात दंडाधिकारी द्वारा छात्रों पर की गई एकतरफा कार्रवाई के विरोध में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रांची सदर के अंचलाधिकारी सह मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान श्री मरांडी ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी पदाधिकारी को सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून और विधि सम्मत तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान नियुक्त मजिस्ट्रेट ने बिना सोचे-समझे एकतरफा कार्रवाई की है, और वे ऐसे अधिकारियों को उनका दायित्व बोध कराने पहुंचे हैं।
झामुमो कार्यकर्ताओं पर FIR की मांग और धरना की चेतावनी
श्री मरांडी ने कहा कि उस दिन झामुमो के कार्यकर्ताओं ने आतंक मचाया और मुकदमा छात्रों पर दर्ज किया जा रहा है। इसी को लेकर आज दंडाधिकारी सह सीओ से निष्पक्ष कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कड़े शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि यदि उन लोगों पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो वे जल्द ही कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि छात्र अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शांतिपूर्वक पुतला दहन कर रहे थे। इस दौरान जिन लोगों ने छात्रों के कार्यक्रम में विघ्न डाला और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया, दंडाधिकारी ने उन उपद्रवियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की। आज सोशल मीडिया का दौर है और कई वीडियो व साक्ष्य चीख-चीख कर उस दिन की गुंडागर्दी की गवाही दे रहे हैं। दंडाधिकारी को निष्पक्ष होकर पहले उन लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन वे पूरी तरह सरकार के दबाव में नजर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि नेता प्रतिपक्ष ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान दीपक प्रकाश, सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह और वरुण साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।