Home » झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस: निरल पूर्ति उत्कृष्ट विधायक सम्मानित, ‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन !
झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस: निरल पूर्ति उत्कृष्ट विधायक सम्मानित, ‘उड़ान’ पत्रिका और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ का लोकार्पण !
रांची : झारखंड विधानसभा परिसर में रविवार को विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शिरकत की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए मझगांव के विधायक श्री निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही पूर्व विधायकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
लोकतंत्र का मंदिर है झारखंड विधानसभा, जनहित में लिए जाते हैं निर्णय’
स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर सभी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है, जहां सभी समान हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्था इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसकी गरिमा और ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और समितियां राज्य के विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा के उद्देश्य से कार्य करती हैं। यह ऐसा मंच है जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों से जुड़े विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श होता है।
‘झारखंड की नीतियां और योजनाएं अन्य राज्यों के लिए बन रही हैं नजीर’
श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड ने अपनी नीतियों और योजनाओं के जरिए देश में अलग पहचान बनाई है। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी हो रही है और कई राज्य झारखंड की कार्यप्रणाली से प्रेरणा ले रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता यह है कि योजनाओं और कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी वंचित न रहे।
‘वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर हो रहा काम’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है कि वर्ष 2050 तक झारखंड कैसा होगा, विकास के किन नए आयामों को छुएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी व्यवस्था बनेगी। उनका प्रयास झारखंड को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करने का है।
उन्होंने अलग झारखंड राज्य के निर्माण में पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों के संघर्ष व बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। साथ ही जनप्रतिनिधियों व कर्मियों से निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता से दायित्व निभाने का आह्वान किया ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास और मजबूत हो।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष श्री रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक श्री मथुरा प्रसाद महतो एवं श्री नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक श्री निरल पूर्ति, विधानसभा के प्रभारी सचिव श्री रंजीत कुमार सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण, पदाधिकारी, कर्मी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।