Home » भाजपा नेता रमेश सिंह ने रांची में चलाया स्वच्छता अभियान, बोले- सेवा के पर्याय हैं पीएम मोदी
भाजपा नेता रमेश सिंह ने रांची में चलाया स्वच्छता अभियान, बोले— ‘सेवा के पर्याय हैं प्रधानमंत्री मोदी’ !
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सतत सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रांची में व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड भाजपा कार्यसमिति सदस्य सह समाजसेवी रमेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने बढ़कर हिस्सा लिया।
इस अभियान के दौरान रमेश सिंह ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर रांची के नागाबाबा खटाल और मैकी रोड (अपर बाजार) क्षेत्र में सफाई की और आम जनमानस को स्वच्छता का संदेश दिया।
जनभागीदारी से सामाजिक जिम्मेदारी बनाने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जन-जन तक पहुँचाने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य सेवा को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के जरिए इसे समाज की स्थायी आदत बनाना है।”
समाज के हर वर्ग को जोड़ने की पहल
रमेश सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत, मंडल और जिला स्तर पर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर, वृद्धजनों व अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पौधारोपण, सैनिकों का सम्मान और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद जैसे कार्य शामिल हैं।
स्वच्छता कर्मियों का जताया आभार
सफाई अभियान के समापन के बाद रमेश सिंह ने कार्यक्रम में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वच्छता कर्मियों को फल वितरित किए। उन्होंने उनके समर्पण, निरंतर परिश्रम और सेवा भावना के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्रमुख लोगों की उपस्थिति
इस स्वच्छता अभियान में भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक रजनीश पांडेय, जिला मंत्री विनय राज, वार्ड 20 के पार्षद सुनील यादव (मामा), वार्ड 30 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता, वार्ड 29 के पार्षद सुनील यादव, वार्ड 31 के पूर्व पार्षद अशोक यादव, सुनील साहू, विजय सिंह, उज्ज्वल मिश्रा, राजदीप चौरासिया और नीतीश सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।