Home » बहरागोड़ा में बोले राज्यपाल संतोष गंगवार: युवा प्रतिभाएं ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति
माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार आज पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत बहरागोड़ा (देव वाटिका) में आयोजित ‘‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’’ में दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूँजी उसकी युवा प्रतिभाएँ होती हैं और शिक्षित, संस्कारित तथा जिम्मेदार युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना भी है।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी असीम प्रतिभाएँ विद्यमान हैं। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करने की है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को स्थानीय प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के साथ-साथ भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल व्यक्ति बनने से भी अधिक महत्वपूर्ण एक अच्छा इंसान बनना है। विद्यार्थियों को सदैव विनम्रता, संस्कार तथा मानवीय मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी किया जाना चाहिए।
राज्यपाल महोदय ने विश्वास व्यक्त किया कि झारखण्ड की युवा पीढ़ी अपने परिश्रम, प्रतिभा एवं संस्कारों के बल पर न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का, बल्कि पूरे राज्य और देश का नाम गौरवान्वित करेगी।कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल महोदय ने प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ भोजन किया तथा उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सपनों, लक्ष्यों एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।