Home » झारखंड के 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, यूनियन बैंक के साथ हुआ MoU – Jharkhand News
झारखंड के 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिला बड़ा तोहफा, सरकार और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच हुआ अहम समझौता !
रांची: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में आज झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन), रांची में राज्य सरकार के वित्त विभाग और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत राज्य के लगभग 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को विशेष सैलरी पैकेज और कई प्रीमियम बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
कर्मचारियों को मिलेंगी ये विशेष सुविधाएं
इस नए समझौते के माध्यम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को कई प्रकार की वित्तीय और सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिनमें प्रमुख हैं:
बीमा सुरक्षा: आकस्मिक मृत्यु बीमा कवर और पूर्ण व आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता।
स्वास्थ्य सुविधाएं: एयर एम्बुलेंस सहित आपातकालीन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सुविधाएं।
आसान ऋण (Loans): रियायती दरों पर व्यक्तिगत ऋण (Personal Loan), गृह ऋण (Home Loan) और वाहन ऋण (Car Loan)।
डिजिटल बैंकिंग: निःशुल्क एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं।
आदिवासी और ग्रामीण समुदायों के वित्तीय सशक्तिकरण पर जोर
समझौता ज्ञापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बैंकों से आह्वान किया कि वे अपनी सेवाओं को केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित न रखें, बल्कि राज्य के गरीब, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समुदायों के वित्तीय सशक्तिकरण में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है और यहाँ के समाज के संघर्ष व भगवान बिरसा मुंडा जैसे वीर सपूतों का इतिहास देश के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं का व्यापक विस्तार होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए बैंकों से ऋण प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने का आग्रह किया, ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ सकें।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर माननीय मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, सचिव श्री प्रशांत कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड श्री गुणा चन्द्र गामी, इकोसिस्टम हब हेड श्री रंजीत सहित बैंक के कई वरीय पदाधिकारी और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।