Home » CIP राँची के उन्नयन की दिशा में केंद्र सरकार की पहल, ‘राष्ट्रीय महत्व’ का दर्जा देने पर काम शुरू
CIP राँची के उन्नयन और ‘राष्ट्रीय महत्व’ का दर्जा देने की दिशा में केंद्र सरकार ने शुरू की अग्रिम कार्रवाई
राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की पहल लाई रंग; केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी आधिकारिक जानकारी।
राँची : झारखंड की वर्षों पुरानी मांग और राज्य में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (CIP), राँची के व्यापक उन्नयन और इसे ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ (Institute of National Importance) का दर्जा देने को लेकर भारत सरकार द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान CIP राँची के उन्नयन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की थी कि इस ऐतिहासिक संस्थान को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर देश के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों की श्रेणी में विकसित किया जाए।
केंद्रीय मंत्रालय की ओर से मिला सकारात्मक जवाब
सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की मांग पर संज्ञान लेते हुए, भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने पत्र के माध्यम से उन्हें अवगत कराया है कि केंद्रीय बजट में CIP राँची के उन्नयन की घोषणा के अनुरूप संस्थान के विकास और उससे जुड़े सभी पहलुओं पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संस्थान की क्षमता
CIP राँची देश के सबसे प्रतिष्ठित और पुराने मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है। वर्ष 1918 से यह संस्थान मानसिक स्वास्थ्य उपचार, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रहा है। सरकारी अभिलेखों के अनुसार, वर्तमान में संस्थान में 643 बिस्तरों की क्षमता उपलब्ध है, जहाँ बड़ी संख्या में मरीज मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हैं।
झारखंड और देश के लिए बड़ी उपलब्धि: डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा
इस संबंध में सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि CIP राँची को राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक मानसिक स्वास्थ्य संस्था के रूप में विकसित करना झारखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। संस्थान के उन्नयन से अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में शोध, विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण को भी अभूतपूर्व गति मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि CIP राँची को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की यह पहल झारखंड की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की ओर एक बड़ा कदम है। उन्होंने इस सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा केंद्रीय मंत्री श्री प्रतापराव जाधव के प्रति आभार व्यक्त किया है।