Home » गैंगस्टर प्रिंस खान के घर चला बुलडोजर, MLA को दी थी धमकी
निरसा MLA अरूप चटर्जी को धमकी देना पड़ा भारी, गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर गरजा बुलडोजर !
धनबाद (वासेपुर): ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के कुख्यात और भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान (Prince Khan) के खिलाफ धनबाद पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निरसा के विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप पर जान से मारने और रंगदारी की धमकी देने के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने प्रिंस खान के वासेपुर स्थित घर को बुलडोजर से ढहाना शुरू कर दिया है।
शनिवार को धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के सख्त निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल जेसीबी मशीनों के साथ वासेपुर पहुंची। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
क्या थी धमकी?
विदेश (दुबई/पाकिस्तान) में छिपे बैठे प्रिंस खान ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप पर वॉयस नोट, मैसेज और फायरिंग का वीडियो भेजकर कोयला रंगदारी की मांग की थी। मैसेज में लिखा था— “पैसा नहीं दोगे तो सीधे रिजल्ट देखोगे, मारेंगे तो हम ही…”। इस धमकी के बाद विधायक ने तुरंत पुलिस को अलर्ट किया था।
न्यायालय के आदेश पर कुर्की और ध्वस्तीकरण
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आपराधिक धमकी के कई मामले दर्ज हैं। लगातार कोर्ट के समन की अनदेखी करने के बाद न्यायालय के आदेश पर इस अवैध निर्माण और घर के बचे हुए हिस्सों को जमींदोज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं:
दो डीएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर खुद कमान संभाले हुए हैं।
बैंक मोड़ थाना, भूली थाना समेत भारी संख्या में पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है।
अपराधियों को साफ संदेश दिया गया है कि कानून से भागने वालों और रंगदारी मांगने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।