Home » झारखंड कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को कारण बताओ नोटिस जारी, 3 दिनों में मांगा जवाब
पार्टी अनुशासन सर्वोपरि: झारखंड कांग्रेस ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को जारी किया कारण बताओ नोटिस, 3 दिनों में माँगा स्पष्टीकरण
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता योगेंद्र साव को पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के मामले में ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) जारी किया है। पार्टी ने उन्हें तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के साथ-साथ स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
तीन दिनों में देना होगा लिखित व व्यक्तिगत जवाब
अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव द्वारा जारी इस नोटिस में योगेंद्र साव से पूछा गया है कि पार्टी संविधान के प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी में विचारों की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता है, लेकिन संगठनात्मक अनुशासन सबसे ऊपर है। पार्टी मंच के बाहर सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई भी बयान देना जो घोषित नीतियों, सिद्धांतों और नेतृत्व के निर्देशों के खिलाफ हो, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पूर्व में भी हो चुका है निष्कासन
मीडिया प्रभारी ने बताया कि योगेंद्र साव को पूर्व में भी पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया जा चुका था। हालांकि, बाद में पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे संगठनात्मक योगदान और सेवाओं को ध्यान में रखते हुए निष्कासन का फैसला रद्द कर दिया था।
लेकिन, हाल के दिनों में मीडिया और सार्वजनिक मंचों के माध्यम से उनके द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयानों को पार्टी नेतृत्व ने बेहद गंभीरता से लिया है। नोटिस के अनुसार, उनका यह आचरण न केवल पार्टी सिद्धांतों के विपरीत है, बल्कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों की सीधी अवहेलना भी है।
संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप
अनुशासन समिति ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि बार-बार इस प्रकार का अनुशासनहीन आचरण दोहराया जाना यह दर्शाता है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को शह दी जा रही है। इससे पार्टी और संगठन की जनमानस में छवि को लगातार नुकसान पहुंच रहा है।
अब देखना होगा कि योगेंद्र साव निर्धारित तीन दिनों की समयसीमा के भीतर अनुशासन समिति के समक्ष अपना क्या पक्ष रखते हैं और इस मामले में प्रदेश कांग्रेस का अगला कदम क्या होता है।