Home » झारखंड की जेलें होंगी हाई-टेक, सुरक्षा व्यवस्था पर ₹16.86 करोड़ होंगे खर्च
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने गढ़वा जिले के नवनिर्मित उपकारा (नगर उंटारी) तथा गुमला मंडल कारागार के विस्तारित हिस्से में अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की खरीद के लिए कुल 16.86 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
नगर उंटारी उपकारा में लगेंगे 324 CCTV कैमरे
गढ़वा के नगर उंटारी स्थित नवनिर्मित उपकारा की सुरक्षा के लिए 9.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से जेल परिसर में 324 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, एक एक्स-रे स्कैनर मशीन, दो डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, दो हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर तथा मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पता लगाने के लिए नॉन-लीनियर जंक्शन डिटेक्टर लगाए जाएंगे।
गुमला मंडल कारा के विस्तारित हिस्से में 207 कैमरे
गुमला मंडल कारागार एवं उसके नवनिर्मित विस्तारित हिस्से की सुरक्षा के लिए 7.47 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यहां 207 उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। योजना में उपकरणों की स्थापना के बाद दो वर्षों की वारंटी तथा उसके बाद तीन वर्षों के व्यापक वार्षिक रखरखाव अनुबंध (AMC) की व्यवस्था भी शामिल है। सरकार का मानना है कि इन आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की स्थापना से जेलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और कारागारों की सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।