Home » झारखंड विधानसभा: चयन समिति की बैठक में लगी मुहर, 6 विधानसभा कर्मियों को मिलेगा स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार !
रांची : झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार-2026’ के लिए मझगांव विधानसभा क्षेत्र (संख्या-53) के विधायक निरल पुरती का चयन किया गया है। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई गई।
चयन समिति की बैठक में शामिल हुए प्रमुख सदस्य
शुक्रवार अपराह्न 12:30 बजे 03, कांके रोड स्थित विधानसभा अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में यह महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सुरेश पासवान, वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार और प्रभारी सचिव-सह-सदस्य सचिव रंजीत कुमार प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, समिति के सदस्य विधायक स्टीफन मरांडी और विधायक रामचंद्र सिंह टेली/ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।
चार बार के विधायक हैं निरल पुरती
निरल पुरती को संसदीय कार्यप्रणाली में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इस सम्मान हेतु चुना गया है। वे कोल्हान प्रमंडल की मझगांव सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और चार बार (वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024) इस क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं।
6 विधानसभा कर्मियों को मिलेगा ‘स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार’
विधायक के साथ-साथ चयन समिति ने विधानसभा के कार्य संचालन में बेहतर योगदान देने वाले 6 कर्मियों का भी चयन ‘उत्कृष्ट विधानसभा कर्मी’ के रूप में किया है। इन्हें ‘स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार’ से नवाजा जाएगा:
1. श्रीमती किरण सुमन बाखला (उपसचिव)
2. श्रीमती सुषमा सिन्हा (उपसचिव)
3. श्री रविकांत समीर तिर्की (प्रशाखा पदाधिकारी)
4. मो. अली अहमद (अधीक्षक)
5. श्री शिवराज राम (वरीय ट्रेजरी सरकार)
6. श्री संजय कुमार मेहता (अनुसेवक)
22 नवंबर को समारोह में मिलेगी सम्मान राशि
आगामी 22 नवंबर, 2026 को झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह में इन सभी को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट विधायक निरल पुरती को राज्यपाल के हाथों प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और चांदी की शील्ड के साथ 51,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, चयनित 6 उत्कृष्ट कर्मियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो के साथ प्रत्येक को 21,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।