Home » मतदाता सूची पुनरीक्षण: पात्र नागरिकों का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें अधिकारी — के. रवि कुमार !
मतदाता सूची पुनरीक्षण: पात्र नागरिकों का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें अधिकारी — के. रवि कुमार !
डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के दौरान पात्र भारतीय नागरिकों से दस्तावेज प्राप्त करने एवं आवश्यकतानुसार दस्तावेज निर्गत कराने के निर्देश.
रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री के. रवि कुमार ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
नोटिस और कैंप के बावजूद लंबित दस्तावेजों पर फोकस
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा कि फील्ड वेरिफिकेशन में यह सामने आया है कि अभी भी कई पात्र भारतीय नागरिक ऐसे हैं, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। इसके अलावा, ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कई मतदाताओं को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर से दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक आवश्यक दस्तावेज नहीं मिल सके हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची ‘एक और अवसर’ कैंप में भी प्रदर्शित की गई थी।
श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मतदाताओं का डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन करते हुए उनसे आवश्यक दस्तावेज लिए जाएं। साथ ही, जिन पात्र नागरिकों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं हैं, उनके मामले में नियमानुसार सक्षम पदाधिकारी के माध्यम से दस्तावेज निर्गत कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
ASDD सूची के मतदाताओं को दोबारा मौका, 22 दिसंबर को अंतिम प्रकाशन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिन मतदाताओं का नाम किसी कारणवश ASDD सूची में आ गया है, उन्हें एक बार फिर इन्यूमरेशन फॉर्म भरने का अवसर दिया जा रहा है। सभी जिलों में इस सूची में शामिल मतदाताओं से दोबारा संपर्क कर इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को पर्याप्त अवसर मिल सके, इसके लिए राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की समय सीमा बढ़ाई गई है और अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर को निर्धारित किया गया है। अधिकारियों को इस अतिरिक्त अवधि का पूरा लाभ उठाते हुए हर घर और हर पात्र नागरिक तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
बिना वेरिफिकेशन और सकारण आदेश के नहीं हटेगा नाम
श्री के. रवि कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम बिना डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा सकारण आदेश पारित किए अंतिम मतदाता सूची से विलोपित न किया जाए।
इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सहित विभिन्न जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।