Home » झारखंड SIR मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026: लोहरदगा व पश्चिमी सिंहभूम ने 100% मामले निपटाए !
झारखंड SIR अपडेट: लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम ने नो मैपिंग व लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के 100% मामले निपटाए !
रांची : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत मतदाता सूची से जुड़े मामलों के निष्पादन की गति तेज हुई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति (182/2026) के अनुसार, 19 नवंबर 2026 तक प्राप्त आंकड़ों में नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और अन्य श्रेणियों के निपटारे में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
राज्य में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की समयसीमा बढ़ाकर 22 दिसंबर 2026 किए जाने के बीच जिलों में दावों, आपत्तियों और सत्यापन से जुड़े मामलों के तेजी से निष्पादन और ECINET ऐप पर अपडेशन का काम चल रहा है।
श्रेणीवार प्रगति: राज्य भर के आंकड़े
श्रेणी कुल चिह्नित मामले निष्पादित मामले निष्पादन प्रतिशत लंबित मामले
नो मैपिंग 14,03,981 10,42,976 74.29% 3,61,005
लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी 45,49,961 41,03,251 90.18% 4,46,710
अन्य श्रेणी 1,61,65,853 1,60,89,177 99.53% 76,676
1. नो मैपिंग श्रेणी: लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम अव्वल
नो मैपिंग श्रेणी में राज्य के कुल 14,03,981 मामलों में से 10,42,976 मामलों (74.29%) का निष्पादन हो चुका है, जबकि 3,61,005 मामले अभी लंबित हैं।
शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिले: लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम ने 100 प्रतिशत मामलों का निष्पादन और ECINET ऐप पर अपडेशन पूरा कर लिया है। इनके बाद कोडरमा (97.64%), देवघर (91.83%) और पूर्वी सिंहभूम (86.57%) का स्थान है।
कम प्रगति वाले जिले: साहिबगंज (55.69%), पलामू (56.65%), पाकुड़ (57.96%), जामताड़ा (58.67%) और बोकारो (62.11%) में अपेक्षाकृत कम प्रगति दर्ज की गई है।
2. लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी श्रेणी: 90 प्रतिशत से अधिक निपटारा
लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी श्रेणी में कुल 45,49,961 चिह्नित मामलों में से 41,03,251 मामलों (90.18%) का समाधान किया जा चुका है और 4,46,710 मामले लंबित हैं।
शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिले: पश्चिमी सिंहभूम और लोहरदगा ने 100 प्रतिशत मामलों का निष्पादन एवं ECINET ऐप पर अपडेशन पूरा कर लिया है। इनके अलावा कोडरमा (99.20%), पूर्वी सिंहभूम (97.28%), खूंटी (96.70%) और गुमला (96.29%) का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
कम प्रगति वाले जिले: साहिबगंज (76.36%), पाकुड़ (77.89%), सरायकेला-खरसावां (82.70%), जामताड़ा (85.09%) और पलामू (85.66%) में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है।
3. अन्य श्रेणी: 99.53 प्रतिशत कार्य पूरा
अन्य श्रेणी में कुल 1,61,65,853 मामलों में से 1,60,89,177 मामलों (99.53%) का निष्पादन पूरा हो चुका है, जबकि 76,676 मामले लंबित हैं।
शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिले: सिमडेगा और लोहरदगा ने 100 प्रतिशत मामलों का निष्पादन एवं ECINET ऐप पर अपडेशन पूरा कर लिया है। खूंटी (99.99%), देवघर (99.95%), पश्चिमी सिंहभूम व रामगढ़ (प्रत्येक 99.93%) तथा रांची (99.90%) भी अग्रणी रहे।
कम प्रगति वाले जिले: सरायकेला-खरसावां (96.68%), जामताड़ा (96.92%), गुमला (98.67%), पलामू (99.36%) और हजारीबाग (99.48%) में काम की रफ्तार तुलनात्मक रूप से कम रही।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों (DEO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच सुनिश्चित की जाए और जिन जिलों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां निष्पादन कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।